पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में नई सरकार के गठन की तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होती जा रही है। भाजपा के कई बड़े नेता भी बिहार पहुंचने वाले हैं। इस बीच, राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने मंगलवार को कहा कि भाजपा अपने सहयोगियों को किनारे करती रही है। भाजपा अपने सहयोगियों को निगलकर समाप्त कर देती है।
पटना में मीडिया से बातचीत में भाजपा के मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके पास संख्या बल है, इसलिए फैसला उन्हीं का होगा। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि इसका जवाब वही बेहतर दे सकते हैं। राजद नेता ने कहा कि जनता यह फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि पहले भी हमलोगों ने कहा था कि अब जदयू नाम की पार्टी नहीं रहेगी और अब वैसा ही कुछ दिखाई दे रहा है।
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के निर्वाचित होने के बाद से ही यह तय हो गया था कि वे अब दिल्ली की राजनीति करेंगे और मुख्यमंत्री का पद त्याग करेंगे। इसके बाद उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। बताया जाता है कि मंगलवार को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
इस बीच, कहा जा रहा है कि बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है। हालांकि अब तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं हुई है। इस बीच, भाजपा के प्रदेश कार्यालय को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। दोपहर के बाद भारतीय जनता पार्टी की विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार अपना इस्तीफा राज्यपाल सैयद अता हसनैन को सौंपेंगे।
इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी जिसमें मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। भाजपा ने अभी तक भले ही अगले मुख्यमंत्री के लिए अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।
–आईएएनएस
एमएनपी/एएस

