Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अखिलेश ने सीएम योगी पर साधा निशाना, नोएडा में हुए बवाल पर...

अखिलेश ने सीएम योगी पर साधा निशाना, नोएडा में हुए बवाल पर बोले- यह सरकार की नाकामी

0
17

लखनऊ, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाए कि नोएडा की घटना को लेकर मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) और भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

अखिलेश यादव ने मंगलवार को भीमराव अंबेडकर की जयंती पर लखनऊ में हजरतगंज चौराहा पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसी दौरान नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “जो नोएडा में हुआ है, यह सरकार की नाकामी के कारण हुआ है। सरकार को मामले की जानकारी थी, फिर भी ऐसी घटना होने दी। अगर अधिकारी कह रहे कि साजिश हुई है तो इसके लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।”

सपा प्रमुख ने आगे कहा, “मुख्यमंत्री से ज्यादा झूठ बोलने वाला कोई संत अभी तक नहीं हुआ है। हम नहीं कहते हैं, बल्कि बहुत सारे लोग कहते हैं कि वे नकली संत हैं। इन्हें संविधान से कोई लेना-देना नहीं है, क्योंकि संविधान से चलने वाले कभी किसी के साथ अन्याय नहीं कर सकते हैं।”

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा की 10 साल की सरकार में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की बड़ी संख्या में प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया गया है। आज वही लोग जो ऐसे कृत्यों में शामिल थे, चुनावों से पहले एक गुमराह करने वाला संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की साजिश और षड्यंत्रों से सावधान है और वह समझदार भी है।

अखिलेश यादव ने कहा, “हम सामाजिक न्याय के लिए और सामाजिक न्याय की व्यवस्था स्थापित करने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। यह संघर्ष वर्षों तक, और अगर जरूरत पड़ी तो सदियों तक जारी रहेगा। हमने सुना था और भारतीय जनता पार्टी के कुछ लोगों ने कहा था कि यदि वे 400 सीटें जीतते हैं, तो वे संविधान बदल देंगे। हम उत्तर प्रदेश और देश की जनता को धन्यवाद देना चाहते हैं, जिसने अपने मताधिकार से संविधान व लोकतंत्र को बचाने का काम किया।”

उन्होंने यह भी कहा कि बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर का संविधान सिर्फ कागज नहीं है, बल्कि लोहे की तलवार है, जो समय-समय पर सम्मान दिलाने का काम करती है। संविधान हमारे लिए एक ढाल और संजीवनी है। यह हमें न्याय दिलाता है और आगे बढ़ने व बराबरी का अवसर देता है। संविधान को बचाने के लिए लगातार लड़ते रहेंगे और बाबासाहेब के सिद्धातों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।