कुपवाड़ा में नशीले पदार्थों के साथ ड्रग पेडलर गिरफ्तार, एफआईआर दर्ज

0
4

कुपवाड़ा, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखते हुए जग्गरपोरा में एक नियमित नाका (चेकपॉइंट) लगाया। चेकिंग के दौरान एक शख्स को पकड़ा गया, जिसके पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ है।

आरोपी की पहचान होटरपोरा के रहने वाले ताहिर राशिद गनई के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर, उसके पास से चरस जैसा दिखने वाला बड़ी मात्रा में पदार्थ बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस स्टेशन कुपवाड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत केस दर्ज की गई है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

इससे पहले, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने राजौरी जिले में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी थी कि इस मामले में चेकिंग के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से हेरोइन जब्त की गई।

अधिकारियों ने बताया था कि पहली कार्रवाई में 10 अप्रैल को रोका गया। तलाशी लेने पर वाजिद खान नाम के एक व्यक्ति के पास से लगभग 11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था और नशीला पदार्थ जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बताया था कि इसके आधार पर, नौशेरा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

एक अन्य कार्रवाई में, लंबेरी में नाका चेकिंग के दौरान एक गाड़ी को रोका गया था। इसमें चार लोग सवार थे। उनकी पहचान नसीम अकरम, वकार अहमद, दानिश चौधरी और रमीज राजा के रूप में हुई। इन आरोपियों के पास से भी पुलिस को हेरोइन बरामद हुई थी।

पुलिस ने बताया था कि कुल 13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने राजौरी में नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने की अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया। इसके साथ ही नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। बयान में आगे कहा गया था कि इसमें जनता के सहयोग की अपेक्षा है।