जयपुर, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरपीएस) भर्ती परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम शनिवार को जारी कर दिया है। आरपीएससी ने इंटरव्यू प्रक्रिया खत्म होने के एक दिन बाद ही 1,096 पदों पर चयनित उम्मीदवारों की फाइनल मेरिट लिस्ट (पीडीएफ) जारी कर दी है। ऐसे में परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
आरएएस के लिए चयनित उम्मीवारों की लिस्ट के मुताबिक, बाड़मेर के दिनेश बिश्नोई ने इस परीक्षा में टॉप किया है। वहीं, जैसलमेर जिले के फलसूंड़ तहसील के अंतर्गत रामपुरियां निवासी विरेंद्र चारण ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए आरएएस परीक्षा में ऑल राजस्थान दूसरी रैंक हासिल की। वर्तमान में विरेंद्र चारण तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता जेठूसिंह चारण राजस्थान पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं।
आरपीएससी आरएएस की परीक्षा में टॉप 5 में अपनी जगह बनाने वाले उम्मीदवारों में तीसरा नाम भीलवाड़ा के नवनीत शर्मा का हैं। इन्होंने ऑल राजस्थान तीसरी रैंक हासिल की। चौथे स्थान पर ब्यावर के रविंद्र सिंह और पांचवें पर बीकानेर के विकास सियाग के जगह बनाई है।
वहीं, टॉप 20 में जोधपुर, जयपुर, बीकानेर, प्रतापगढ़, और अजमेर सहित कई जिलों के अभ्यर्थी शामिल हैं। अजमेर से हरियाश राजपुरोहित ने भी टॉप 20 में जगह बनाई हैं। आरपीएससी आरएएस की परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों में महिला उम्मीदवारों ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई हैं। उनमें एक नाम सीकर जिले की नीमकाथाना की चला निवासी सरिता चौधरी है। इन्होंने आरएएस परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए तीसरे प्रयास में 419वीं रैंक हासिल की।
सरिता की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। सरिता एक किसान परिवार से आती हैं। बेटी के आरएएस बनने पर परिवार सहित इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। सरिता के पिता प्रभु दयाल खेती-बाड़ी करते हैं। संयुक्त परिवार में रहने वाली सरिता के छह भाई-बहन हैं, जो सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। सरिता की इस उपलब्धि पर उनके परिवार के सदस्यों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाई।
वहीं, आरपीएससी आरएएस की परीक्षा में सफल हुए सभी अभ्यर्थियों में खुशी की लहर हैं। परिजन समेत इलाके में भी उत्साह देखी जा रही है।

