Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध बिहार: पटना में दिनदहाड़े आभूषण दुकान में लूटपाट, पुलिस की विशेष टीम...

बिहार: पटना में दिनदहाड़े आभूषण दुकान में लूटपाट, पुलिस की विशेष टीम गठित

0
26

पटना, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने रविवार को एक आभूषण की दुकान को निशाना बनाया और हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों की गिरफ्तारी और घटना की जांच के लिए पुलिस की विशेष जांच टीम का गठन किया गया है।

बताया जाता है कि आभूषण दुकान में दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर पांच लोग पहुंचे और हथियार का डर दिखाकर घटना को अंजाम दिया। ये सभी अपराधी अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहने हुए थे।

जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर हुई इस वारदात में सभी अपराधी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। तीन बदमाश दुकान के अंदर घुसे, जबकि दो बाहर निगरानी करते रहे। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने हथियार निकाल लिए और सबको एक कोने में बिठा दिया।

बताया गया कि उस समय दो से तीन ग्राहक भी दुकान में मौजूद थे। घटना की सूचना प्राप्त होते ही पटना पूर्वी के नगर पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया।

दुकानदार के मुताबिक, लगभग 15 से 20 लाख रुपये मूल्य की करीब 100 ग्राम सोने की ज्वेलरी और 3 से 4 किलोग्राम चांदी की लूट की गई है। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है।

पटना पूर्वी के नगर पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है एवं तकनीकी अनुसंधान प्रारंभ कर दी गई है।

उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अपराधियों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। इधर, दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद दुकानदारों में आक्रोश है।