केरल पटाखा फैक्ट्री हादसा: पीएम मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान, सुरेश गोपी को त्रिशूर जाने का निर्देश

0
6

त्रिशूर, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल के त्रिशूर में हुए पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिशूर से सांसद और केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री के निर्देश पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरेश गोपी ने कहा कि वह दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हो चुके हैं और कोच्चि की फ्लाइट पकड़ेंगे। उन्होंने बताया कि वह रात करीब 11 बजे कोच्चि पहुंचेंगे, जिसके बाद सड़क मार्ग से त्रिशूर जाएंगे।

साथ ही, हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहत राशि की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

वहीं, हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सुरेश गोपी ने कहा, “यह त्रासदी बेहद दुखद है। मैं जो सुन रहा हूं, उस पर यकीन करना मुश्किल है। मेरे पास इसे बयान करने के लिए शब्द नहीं हैं।” उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय करना है।

बताया जा रहा है कि त्रिशूर के मुंडाथिक्कोडु इलाके में त्रिशूर पूरम उत्सव की तैयारियों के दौरान एक पटाखा निर्माण इकाई में जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

मौके पर पहुंचे एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक, हादसे के समय यूनिट में करीब 40 लोग काम कर रहे थे और आयोजकों ने कर्मचारियों के लिए दोपहर का भोजन भी मंगवाया था।

प्रधानमंत्री कार्यालय स्थिति पर नजर बनाए हुए है और केंद्र व राज्य एजेंसियों के बीच समन्वय के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच, त्रिशूर जिले के अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके का जायजा लेकर स्थिति को संभालने में लगे हैं।

त्रिशूर से लोकसभा सांसद सुरेश गोपी के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति का जायजा लेने, प्रभावित परिवारों से मिलने और राहत कार्यों की समीक्षा करने की उम्मीद है।

फिलहाल, हादसे के कारणों और मृतकों की अंतिम संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।