आईसीसी रैंकिंग: टी20 फॉर्मेट में नामीबिया और स्कॉटलैंड के खिलाड़ियों की छलांग, वनडे में बांग्लादेशियों को फायदा

0
11

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला वनडे मैच 26 रन से गंवाने के बाद दूसरा मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम करने के बाद बांग्लादेश ने न सिर्फ तीन मुकाबलों की सीरीज को 1-1 से बराबर किया, बल्कि उसके खिलाड़ियों ने भी व्यक्तिगत प्रदर्शन में काफी सुधार किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ ढाका में खेले गए दूसरे वनडे मैच के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने आईसीसी मेंस वनडे रैंकिंग में छलांग लगाई है।

बांग्लादेशी ओपनर तंजीद हसन उन खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्हें वनडे रैंकिंग सबसे ज्यादा फायदा मिला। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 199 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 76 रनों की संयमित पारी खेलने के बाद तंजीद बल्लेबाजों की रैंकिंग में 14 पायदान की छलांग लगाकर 40वें स्थान पर पहुंच गए हैं। तौहीद हिरदॉय पांच पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 26वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

इस मुकाबले के साथ बांग्लादेश की गेंदबाजी यूनिट को भी फायदा हुआ। स्पिनर रिशाद हुसैन 10 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 58वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि तेज गेंदबाज नाहिद राणा मैच में 5 विकेट लेने के बाद 32 पायदान की छलांग लगाकर 64वें स्थान पर पहुंच गए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने सीरीज में लगातार विकेट लेने वाले प्रदर्शन के बाद रैंकिंग में 39वां स्थान हासिल कर लिया है। भले ही डेरिल मिशेल इस वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उन्होंने इस फॉर्मेट में बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।

दूसरी ओर, टी20 रैंकिंग को देखें, तो नामीबिया के खिलाफ स्कॉटलैंड की सीरीज जीत के कारण रैंकिंग में कुछ अहम बदलाव हुए। अनुभवी ओपनर जॉर्ज मुन्से, जिन्होंने आखिरी मुकाबले में मैच जिताऊ शतक लगाया था, 7 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 21वें स्थान पर पहुंच गए।

नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस के लिए यह सीरीज विशेष रूप से सफल रही, जिन्होंने 54, 47 और 44 रन की पारियां खेलकर टी20 बल्लेबाजों के बीच 24 पायदान की छलांग लगाई है। वह फिलहाल 73वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि ऑलराउंडर रैंकिंग में भी वे 10वें स्थान पर पहुंच गए। टी20 गेंदबाजों की सूची में स्कॉटलैंड के मार्क वॉट के बीच 10 पायदान ऊपर चढ़कर 47वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

आईसीसी विमेंस टी20 रैंकिंग में भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने अपनी लगातार बढ़त जारी रखी है। शेफाली 2 पायदान की छलांग लगाकर छठे पायदान पर पहुंच गई हैं। वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर टॉप 10 में वापसी के और करीब पहुंच गईं। कौर ने 2 स्थान की छलांग लगाई है। वह इस समय 11वें स्थान पर हैं।