प्रियांश और वैभव पहले से जानते हैं कि उन्हें कैसे खेलना है: पुजारा

0
6

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी ने अपनी चमक बिखेरी है। दोनों खिलाड़ियों ने पावर-प्ले में विस्फोटक शुरुआत देते हुए अपनी उम्र से कहीं अधिक समझदारी के साथ खेलने का इरादा दिखाया है।

भारत के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने बताया कि आर्य और सूर्यवंशी की सफलता का राज यह है कि उन्हें ठीक-ठीक पता है कि उन्हें टी20 क्रिकेट कैसे खेलना है।

पुजारा ने ‘जियोहॉटस्टार’ के ‘चैंपियंस वाली कमेंट्री’ में इन खिलाड़ियों की तारीफ में कहा, “मेरे लिए जो बात सबसे अलग है, वह सिर्फ उनकी स्ट्रोक-प्ले नहीं, बल्कि उनकी सोच की स्पष्टता है। इस उम्र में, ज्यादातर खिलाड़ी अभी भी यह समझने की कोशिश कर रहे होते हैं कि वे किस तरह के खिलाड़ी हैं, लेकिन प्रियांश और वैभव को पहले से ही पता है कि उन्हें यह खेल कैसे खेलना है। यह सिर्फ बिना सोचे-समझे हिट करने के बारे में नहीं है। यह अपने इरादे पर बिना किसी हिचकिचाहट के टिके रहने के बारे में है। वैभव अपनी जबरदस्त, बेजोड़ ताकत दिखाते हैं, जबकि प्रियांश गेंद को खेलने के लिए वह समय देते हैं, जो आप किसी को सिखा नहीं सकते। साथ मिलकर, वे पावर-प्ले के मायने बदल रहे हैं। इससे भी ज्यादा अहम बात यह है कि वे यह सब अपने ही अंदाज में कर रहे हैं। जाहिर है, वे आगे भी सीखते रहेंगे और बेहतर होते जाएंगे, लेकिन इतनी कम उम्र में मैं जो कुछ देख रहा हूं, वह बहुत ही रोमांचक है।”

आर्य और सूर्यवंशी के प्रदर्शन ने 5 मुख्य खूबियों को उजागर किया है। अपनी उम्र से कहीं ज्यादा निडरता, टी20 क्रिकेट के लिए खास तौर पर बनाई गई खेल की रणनीति, जबरदस्त ताकत और बेहतरीन टाइमिंग का मेल, जिससे उन्हें बड़े रन बनाने में मदद मिलती है, जरूरत पड़ने पर अपनी पारी की रफ्तार बदलने की काबिलियत, और बड़े सितारों की नकल किए बिना अपना स्वाभाविक खेल खेलना।

सूर्यवंशी की दमदार ताकत ने उन्हें बड़े शॉट्स आसानी से लगाने में मदद की है, जबकि प्रियांश आर्य की बेहतरीन टाइमिंग और प्लेसमेंट ने उतने ही खतरनाक नतीजे दिए हैं। दोनों बल्लेबाजों ने जरूरत पड़ने पर पारी को संभालने और गति बदलने की क्षमता भी दिखाई है। इसका उदाहरण सूर्यवंशी का चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अर्धशतक और आर्या का सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कठिन रनचेज में संयमित पचासा है।

वैभव सूर्यवंशी ने 7 पारियों में 254 रन बनाए हैं, जबकि प्रियांश आर्या ने 5 मैचों में 211 रन जोड़े हैं। भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव ने भी इन युवा बल्लेबाजों की शानदार फॉर्म की तारीफ की। उन्होंने कहा, “टैलेंट पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन जो चीज इन्हें अलग बनाती है, वह है एक ही पारी में परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता। एक पल वे आक्रामक होकर खेलते हैं, तो अगले ही पल वे स्ट्राइक रोटेट करते हैं, सिंगल और डबल लेते हैं, और फिर से जोरदार बल्लेबाजी करने से पहले हालात का जायजा लेते हैं, यही तो टी20 क्रिकेट की उच्च-स्तरीय सोच है।”

उन्होंने कहा, “इन खिलाड़ियों का निडर अंदाज तो बस ऊपरी तौर पर दिखता है। असल में उसके पीछे खेल की गहरी समझ, मैच-अप्स की जानकारी और अपनी पहचान को लेकर मजबूत आत्मविश्वास छिपा होता है। वे किसी और की तरह बनने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, वे जैसे हैं वैसे ही सहज हैं। यही वजह है कि इस सीजन में वे सबसे अलग और बेहतरीन युवा बल्लेबाज बनकर उभरे हैं।”