बिना किसी बड़े चेहरे के इस मराठी फिल्म ने की थी 25 गुना ज्यादा कमाई, तोड़े दिए थे बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड

0
5

मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। बहुत कम ऐसा होता है कि बिना किसी बड़ी अभिनेत्री या अभिनेता के फिल्म अपने बजट से 25 गुना मुनाफा कमा ले।

सुनने में हैरानी होगी, लेकिन आज के दिन मराठी सिनेमा में ऐसी फिल्म रिलीज हुई थी, जिसने कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे, और फिल्म की कहानी एक प्यारी लवस्टोरी और जातिवाद पर आधारित थी। हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘सैराट’ की, जो आज के दिन 2016 में रिलीज हुई थी, और अब फिल्म ने रिलीज के 10 साल पूरे कर लिए हैं।

‘सैराट’ में लीड रोल निभाने वाली रिंकू राजगुरु ने फिल्म के रिलीज के 10 साल पूरे होने पर खुशी जाहिर की है। अभिनेत्री ने फिल्म से जुड़ी कुछ वीडियो और फोटो पोस्ट की हैं। इस फिल्म में रिंकू के अलावा, आकाश ठोसर लीड रोल में दिखे। सैराट में रिंकू ने अर्चना ‘आर्ची’ पाटिल और आकाश ने प्रशांत ‘पर्श्या’ काले का किरदार निभाया, जो अलग-अलग जाति से आते थे लेकिन युवा अवस्था में जातिवाद और अमीरी-गरीबी की दीवारों को तोड़कर सच्ची प्रेम कहानी लिखते हैं, हालांकि इस दौरान उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिसमें उनका खुद का परिवार और समाज शामिल होता है।

इस फिल्म का निर्देशन नाजराज मंजुले ने किया था। ऑनल किलिंग पर बेस्ड फिल्म ने हर किसी की आंखें नम कर दी थीं। किसी को यकीन नहीं था कि ये फिल्म रिलीज के बाद इतनी बड़ी कामयाब साबित होगी। फिल्म का बजट महज 4 करोड़ रुपए था, लेकिन फिल्म ने सिर्फ भारत में 104 करोड़ का कलेक्शन किया और दुनिया भर में 110 करोड़ की कमाई करने में कामयाब रही। फिल्म को आईएमडीबी पर 8.3 की रेटिंग मिली और फिल्म का हिंदी रीमेक भी बना।

श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर ने सैराट फिल्म की रीमेक ‘धड़क’ से ही सिनेमा में एंट्री ली थी और फिल्म पर्दे पर हिट साबित हुई। फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई और फिल्म का बजट लगभग 40 करोड़ रुपए था लेकिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 110 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी।