पणजी, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। गोवा में वीजा खत्म होने के बाद भी रह रहे 6 रूसी नागरिकों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) ने बुधवार को पकड़ लिया।
एफआरआरओ के पुलिस अधीक्षक अर्शी आदिल के नेतृत्व में आव्रजन और विदेशी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों के तहत बुधवार को मांड्रेम क्षेत्र में विदेशी नागरिकों से संबंधित रिपोर्टिंग आवश्यकताओं के अनुपालन को बढ़ावा देने के लिए एक अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान 6 रूसी नागरिक पकड़े गए, जो वीजा खत्म होने के बाद भी रह रहे थे। इनके खिलाफ कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, रिपोर्टिंग आवश्यकताओं का बार-बार पालन न करने के लिए एक घर किराए पर देने वालों के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी गई है।
इस दौरान टीम ने किराए पर घर देने वाले या होटल मालिकों को फॉर्म 3, फॉर्म सीकी आवश्यकताओं का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने की सलाह दी। टीम ने कहा कि विदेशी नागरिकों के आगमन या चेक-इन की जानकारी 24 घंटे के भीतर जमा करनी होगी, सभी विवरण सही और पूर्ण रूप से दर्ज होने चाहिए। प्रस्थान या चेक-आउट की जानकारी भी 24 घंटे के भीतर अपडेट करनी होगी। यह आवश्यकता ओसीआई कार्ड धारकों और विदेशियों के साथ आने वाले नाबालिग बच्चों पर भी लागू होती है। एफआरआरओ ने सभी आवास प्रदाताओं से समय पर और सटीक अनुपालन सुनिश्चित न करने पर कानून के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इसके पहले गोवा के तिसवाड़ी जिले में 14 अप्रैल को पुलिस ने छापा मारकर एक बंगले में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था। मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो विदेशी लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठग रहे थे।
गोवा पुलिस ने बताया कि बंगले से लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सामान जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 23 लाख रुपए है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुंबई निवासी जय विजय आचार्य, अहमदाबाद निवासी योगेश माली, गांधीनगर निवासी ऋषभ दीपककुमार शाह, अहमदाबाद निवासी आशुतोष योगेश प्रताप, ठक्कर पार्थ भारभाई, मुंबई निवासी एड्रियन किंस्टन मारियासेवन और नागपुर निवासी नीलेश सतीश सिंह के रूप में हुई है।

