राम और राष्ट्रनिर्माण की विचारधारा रखने वाले दल की बंगाल में होगी जीत: पंडित राजकुमार शर्मा

0
8

जयपुर, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। हाल ही में जयपुर आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने टोंक स्थित सद्गुरु आश्रम जाकर मां बगलामुखी के सिद्ध उपासक पंडित राजकुमार शर्मा से व्यक्तिगत मुलाकात की। यह भेंट आध्यात्मिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।

पंडित राजकुमार शर्मा सद्गुरु आश्रम टोंक के संस्थापक और मां बगलामुखी की साधना के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से विशेष बातचीत में पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर अपनी आध्यात्मिक दृष्टि रखी।

पंडित राजकुमार शर्मा ने कहा, “राजनीतिक रूप से कोई टीका-टिप्पणी हम नहीं करते, ऐसी गुरु आज्ञा हमें नहीं है। फिर भी मैं कहूंगा कि वही दल हमें स्वीकार्य है, जो दल राम और राष्ट्र के निर्माण की विचारधारा का रहने वाला हो, रामराज की स्थापना करने वाला और वंदे मातरम् को मानने वाला हो। ऐसे दल को ही वहां पर विजय हो और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका तय हो।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि आने वाले समय में आध्यात्मिक शक्तियों की कृपा से वही दल बंगाल में विजय प्राप्त करेगा, जो राम और राष्ट्र का निर्माण करने वाला होगा। जो राष्ट्र की वंदे मातरम् की भावना को जीवंत रखता है और वसुधैव कुटुंबकम की बात करता है, उसी की सरकार बंगाल में बन रही है।”

पंडित राजकुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि उनका यह कथन किसी राजनीतिक पक्षपात से नहीं, बल्कि सनातन मूल्यों, राष्ट्रभक्ति और रामराज की स्थापना की भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक शक्तियां हमेशा उन शक्तियों का साथ देती हैं, जो सनातन धर्म, राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक मूल्यों को मजबूत करती हैं।

पंडित राजकुमार शर्मा हजारों भक्तों और साधकों के बीच सम्मानित ज्योतिषाचार्य और आध्यात्मिक गुरु के रूप में जाने जाते हैं। उनका आश्रम टोंक में पिछले कई वर्षों से सनातन धर्म प्रचार और मानव कल्याण के कार्यों के लिए जाना जाता है।