Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध ओडिशा: राजगांगपुर में आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा: राजगांगपुर में आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

0
23

सुंदरगढ़, 3 मई (आईएएनएस)। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में रविवार को पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजगांगपुर क्षेत्र में चल रहे आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सुंदरगढ़ जिला पुलिस कार्यालय की ओर से रविवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पुलिस को आईपीएल मैचों के दौरान बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी चलने की गोपनीय सूचना मिली थी। इस इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के दौरान 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

यह टीम एसआई आरके सेठी, एसआई ए बेहरा, एएसआई पीके सेनापति, एएसआई एच धुरुआ और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में बनाई गई थी।

पुलिस टीम ने 3 मई को राजगांगपुर में लक्षित अभियान चलाते हुए सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया। छापेमारी के दौरान 5 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जो सट्टे का नेटवर्क संचालित करने और विभिन्न लोगों से पैसे इकट्ठा करने में लगे हुए थे।

इस मामले में राजगांगपुर थाना कांड संख्या 257 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), ओपीजी एक्ट और पीआरओजी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है, जिसमें इस रैकेट के अन्य कनेक्शन और नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 लाख रुपए नकद जब्त किए। साथ ही, बैंक खाते में जमा 17,61,367 रुपए की राशि फ्रीज की गई। अभियान के दौरान 5 मोबाइल फोन, जिनका उपयोग सट्टा संचालन में किया जा रहा था, भी जब्त किए गए।

सुंदरगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुए के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और ज़िले में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, रैकेट के व्यापक नेटवर्क और संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।