बेंगलुरु, 4 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने सोमवार को पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के बारे में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बंगाल के इतिहास में पहली बार भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है, जो कि हम सभी लोगों के लिए खास है।
उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि पश्चिम बंगाल के लोग ममता बनर्जी की कार्यशैली से परेशान हो चुके थे। ममता बनर्जी ने अपनी कार्यशैली से यह साफ कर दिया था कि वो उन्हें जनता के हितों से कोई लेना देना नहीं है। यही वजह है कि आज पश्चिम बंगाल में टीएमसी की स्थिति ऐसी हो चुकी है।
आर. अशोक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में घुसपैठिए दाखिल हो गए, जिन्होंने पश्चिम बंगाल के लोगों की नौकरियां खा लीं। इन्हीं सब स्थिति को ध्यान में रखते हुए आज का दिन हमारे लिए जरूरी हो जाता है। अब से पश्चिम बंगाल कोई भी घुसपैठिया और उग्रवादी दाखिल नहीं हो पाएगा।
विपक्ष के नेता ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए उत्सव का दिन है। पश्चिम बंगाल में जहां भाजपा की सरकार बनने जा रही है, तो वहीं दूसरी तरफ से पुडुचेरी में भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इसके अलावा तमिलनाडु में बिना भाजपा के सहयोग से सरकार नहीं बन पाएगी। ऐसी स्थिति में कुल मिलाकर यह कहना गलत नहीं होगा कि आज की तारीख में हर तरह से भाजपा के लिए स्थिति अनुकूल बनी हुई है।
आर. अशोक ने कहा कि केरलम में भी हम खाता खोलने जा रहे हैं। असम में भी हम लोगों को अच्छा खासा बहुमत मिला है।
उन्होंने कहा कि इस जीत का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उनके प्रयासों के बिना यह जीत संभव नहीं थी। यह उन्हीं कार्यशैली का नतीजा है कि आज की तारीख में हर जगह भाजपा के लिए स्थिति अनुकूल होती जा रही है। इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि आज की तारीख में लोगों का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर है। उन्हें इस बात का भरोसा है कि प्रधानमंत्री मोदी उनके भरोसे पर बिल्कुल खरे उतरेंगे।

