नैनीताल : 20 वर्षीय छात्रा की मौत, सीओ ने कहा- फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई

0
7

नैनीताल, 5 मई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के नैनीताल से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां स्टाफ हाउस क्षेत्र में रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा सिमरन आर्या ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सिमरन बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह यह घटना सामने आई। जब काफी देर तक सिमरन ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा तो सिमरन दुपट्टे लगाकर फांसी पर लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखकर आसपास के लोग दंग रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नैनीताल के कोतवाल हेमचंद्र पंत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें।

वहीं, क्षेत्राधिकारी (सीओ) रविकांत सेमवाल ने बताया कि पुलिस को 112 के माध्यम से मल्लीताल के स्टाफ हाउस कंपाउंड में आत्महत्या की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक परिजन शव को नीचे उतार चुके थे। लेकिन देखने से ऐसा लग रहा था कि लड़की ने सुसाइड किया है। फॉरेंसिक साइंस टीम की जांच रिपोर्ट के बाद ही कह पाएंगे कि मौत का कारण क्या है। प्रथम दृश्या हैंगिंग केस ही लगता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। मामले की जांच जारी है और फॉरेंसिक साइंस टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई जल्द से जल्द सामने आ सके।