आंध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दक्षिण तटीय रेलवे जोन के गठन पर खुशी जताई

0
11

अमरावती, 5 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को केंद्र द्वारा दक्षिण तटीय रेलवे जोन के गठन के लिए जारी राजपत्र अधिसूचना का स्वागत करते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश के लोगों का लंबे समय से संजोया सपना पूरा हो गया है।

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि रेलवे मंत्रालय द्वारा विशाखापत्तनम को मुख्यालय बनाकर दक्षिण तटीय रेलवे जोन की स्थापना की राजपत्र अधिसूचना जारी करना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। आंध्र प्रदेश के लोगों का लंबे समय से संजोया सपना पूरा हो गया है। विशाखापत्तनम स्थित इस जोन का आधिकारिक परिचालन 1 जून, 2026 से शुरू होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वाल्टेयर डिवीजन के पुनर्गठन के तहत, पलासा-इच्छपुरम जैसे महत्वपूर्ण खंडों का विशाखापत्तनम डिवीजन में विलय होने से उत्तरी आंध्र प्रदेश के परिवहन परिदृश्य में बड़ा बदलाव आएगा। नवगठित विशाखापत्तनम डिवीजन और रायगड़ा डिवीजन के बीच समन्वय से रेल व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे राज्य के विकास, विशेष रूप से उत्तरी आंध्र प्रदेश के औद्योगिक विकास में योगदान मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश के अनुरोध को स्वीकार करने और इस ऐतिहासिक राजपत्र को जारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

उत्तर आंध्र प्रदेश से आने वाले कृषि मंत्री किंजरापु अचन्नाइडु ने कहा कि एनडीए गठबंधन सरकार के प्रयासों से दशकों पुराना सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विशाखा रेलवे जोन की स्थापना के संबंध में राजपत्र अधिसूचना जारी करना उत्तर आंध्र प्रदेश के लोगों की जीत है।

उन्होंने आगे कहा कि पिछली सरकार ने भले ही इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के मार्गदर्शन में हमारी एनडीए गठबंधन सरकार ने केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित करके यह ऐतिहासिक जीत हासिल की।

उन्होंने कहा कि पालासा-इच्छपुरम, दुव्वाडा-विजयनगरम और बोब्बिली-सालूर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को विशाखा डिवीजन में मिलाना इस क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अरिलोवा में स्थायी कार्यालय भवन के निर्माण को हरी झंडी मिलने के साथ ही, अस्थायी कार्यालय 1 जून से काम शुरू करने के लिए तैयार है, जो एक सकारात्मक विकास का संकेत है।”

अचन्नाइडु ने इस मामले में अपने भतीजे और नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू के अथक प्रयासों के लिए उन्हें बधाई दी और पिछड़े क्षेत्रों के विकास में सहयोग देने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि हमने उत्तरांध्र के लोगों के वादे के अनुसार उनके सपने को साकार किया।