नोएडा, 7 मई (आईएएनएस)। एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। आसमान में बादलों की आवाजाही और हल्की ठंडी हवाओं के चलते लोगों को तेज धूप और गर्मी से फिलहाल थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं दिख रही। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों में एक बार फिर तापमान तेजी से बढ़ेगा और अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।
मौसम विभाग की ओर से जारी स्थानीय मौसम रिपोर्ट के मुताबिक 7 मई को एनसीआर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इसके बाद 8 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है और तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
9 मई को गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद 10 मई को भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है। 11 मई को न्यूनतम तापमान बढ़कर 27 डिग्री तक पहुंच सकता है जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं 12 मई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने इन सभी दिनों के लिए “नो वार्निंग” जारी की है, हालांकि दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उधर, एनसीआर की हवा की गुणवत्ता फिलहाल यलो जोन में बनी हुई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) के आंकड़ों के मुताबिक आनंद विहार इलाके में एक्यूआई 181 दर्ज किया गया, जबकि अशोक विहार में 131, आया नगर में 130, बवाना में 118 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 128 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। वहीं चांदनी चौक क्षेत्र में एक्यूआई 83 दर्ज किया गया जो अपेक्षाकृत बेहतर श्रेणी में रहा।
सबसे चिंताजनक स्थिति कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इलाके में देखने को मिली, जहां एक्यूआई 300 तक पहुंच गया। इसके अलावा अलीपुर में एक्यूआई 112, कैंटोनमेंट एरिया में 107 और सीआरआरआई मथुरा रोड क्षेत्र में 110 दर्ज किया गया। वहीं अगर गाजियाबाद की बात की जाए तो वहां पर इंदिरापुरम में एक्यूआई 167 और लोनी में एक्यूआई 172, संजय नगर में 117 और वसुंधरा में 142 दर्ज किया गया है।
वहीं, नोएडा में एक्यूआई सेक्टर 125 में 136, सेक्टर 62 में 132, सेक्टर 1 में 139 और सेक्टर 116 में 168 दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान बढ़ने के साथ-साथ वायु गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी बादलों की आवाजाही से लोगों को राहत महसूस हो रही है लेकिन मई के दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर फिर तेज होने लगेगा।
–आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

