नोएडा, 7 मई (आईएएनएस)। नोएडा के फेस-1 थाने की पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 17 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी, 8 चोरी एवं स्नैचिंग के मोबाइल फोन तथा 3 अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद वाहन नोएडा समेत दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, फेस-1 थाने की पुलिस ने गुरुवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-8 स्थित एफ-95 के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज उर्फ चीढ़ा (24 वर्ष), अनिल कुमार उर्फ गोलू (30 वर्ष) और सुशील मिश्रा उर्फ बाबा (29 वर्ष) के रूप में हुई है।
तीनों आरोपी थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के ग्राम छिजारसी के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी पहले कॉलोनियों, सोसायटियों, फैक्ट्रियों और कंपनियों के आसपास रेकी करते थे। इसके बाद पार्किंग में खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी का लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
यही चोरी के वाहन बाद में मोबाइल स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल किए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहता था और एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था। आरोपियों के खिलाफ नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, लूट, स्नैचिंग, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
मुख्य आरोपी सूरज उर्फ चीढ़ा पर अकेले 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, अनिल कुमार और सुशील मिश्रा के खिलाफ भी कई संगीन मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

