ममता-अखिलेश की मुलाकात पर राहुल सिन्हा का तंज, अब स्टालिन के आंसू पोंछने जाएंगी टीएमसी प्रमुख

0
5

कोलकाता, 7 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात पर भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक की हालत ऐसी हो गई है कि एक हारी हुई पार्टी दूसरी हारी हुई पार्टी के आंसू पोंछने पहुंच रही है।

भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि एक हारी हुई पार्टी दूसरी हारी हुई पार्टी के पास अपने आंसू पोंछने जाएगी, इसमें कुछ भी नया नहीं है। अब अखिलेश ममता के आंसू पोंछने आए हैं और फिर ममता स्टालिन के आंसू पोंछने जाएंगी। यह एक ‘आंसू पोंछने वाली पार्टी’ बन जाएगी।

उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी की सरकार ने जनता की भलाई के लिए नहीं, बल्कि अपनी भलाई के लिए काम किया। जनता ने टीएमसी को नकार दिया है। यह चोरों का महागठबंधन है, जनता उनके साथ जाने के लिए तैयार नहीं है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या के मामले पर भाजपा सांसद ने कहा कि डर का माहौल नहीं हो सकता। हमारे कार्यकर्ता का खून का बदला लिया जाएगा, लेकिन खून का बदला खून से नहीं, बल्कि कानूनी तरीके से हम किसी को नहीं छोड़ेंगे।

वहीं, भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा कि यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। ऐसा नहीं होना चाहिए था। पश्चिम बंगाल पुलिस इसकी जांच कर रही है। 9 मई के बाद जब हमारा मुख्यमंत्री पदभार संभालेगा, तब और भी जांच की जाएगी।

बंगाल में चुनाव जीतने पर भाजपा नेता शंकर घोष ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने अपने मतों के माध्यम से यह साबित कर दिया है कि इस राज्य को ममता बनर्जी जैसी सत्ताधारी पार्टी की जरूरत नहीं है। पश्चिम बंगाल की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है।

बता दें कि सपा प्रमुख ने ममता बनर्जी के साथ मुलाकात के बाद ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि देश की आधी आबादी, मतलब महिलाओं की सबसे बड़ी प्रबल और प्रतिष्ठित प्रतिनिधि से मिलकर आज संघर्ष की राजनीति को नई ऊर्जा और नई ऊंचाई मिली है। दीदी ने हमेशा दिल जीते हैं। यही उनकी शाश्वत विजय है।