नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के 42वें स्थापना दिवस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने एनएसजी के जवानों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के स्थापना दिवस पर देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने वाले जांबाज कमांडोज़ का अभिवादन। आतंकवाद और गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए गठित इस विशिष्ट बल ने अदम्य साहस, उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और असाधारण दक्षता से अपनी पहचान बनाई है। आतंकवाद-रोधी अभियानों से लेकर उच्च जोखिम वाले सुरक्षा दायित्वों तक एनएसजी की तत्परता, सटीक रणनीति और टीमवर्क उन्हें देश की सुरक्षा क्षमताओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाते हैं। ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ के ध्येय के साथ राष्ट्र की रक्षा में जुटे एनएसजी के सभी जवानों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में कहा, “एनएसजी स्थापना दिवस के अवसर पर उन बहादुर ‘ब्लैक कैट्स’ के अद्वितीय साहस, पेशेवर कौशल और अटूट समर्पण को नमन, जो आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में सबसे आगे खड़े हैं। उनकी निस्वार्थ सेवा और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उनका सर्वोच्च समर्पण हर भारतीय को प्रेरित करता है। सभी एनएसी कर्मियों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, “राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के स्थापना दिवस पर सभी वीर जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! आप सभी जांबाजों ने अपने असाधारण समर्पण और निःस्वार्थ सेवाभाव से ध्येय वाक्य ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ को चरितार्थ करते हुए साहस और शौर्य की नई गाथा लिखी है। आपकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा पर हर भारतवासी को गर्व है।”
उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “एनएसजी के सभी वीर जवानों एवं उनके परिवारजनों को एनएसजी
के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। ‘सर्वत्र-सर्वोत्तम-सुरक्षा’ के पावन ध्येय के साथ एनएसजी के वीरों ने पूर्ण निष्ठा और अनुशासन से देश की रक्षा व नागरिकों की सुरक्षा में अपनी अतुलनीय भूमिका निभाई है। मां भारती की गौरव की रक्षा में अडिग खड़े सभी वीर जवानों पर हमें गर्व है।”
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, “राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के स्थापना दिवस पर राष्ट्र की रक्षा में समर्पित सभी वीर जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। अदम्य साहस, अनुशासन, त्याग और वीरता के नव प्रतिमान स्थापित करते हुए एनएसजी ने देश की सुरक्षा में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। आपका अद्भुत समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और अद्वितीय पराक्रम समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।”
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पर लिखा, “सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा” के संकल्प के साथ देश की रक्षा में सदैव तत्पर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के सभी वीर जवानों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एनएसजी कमांडोज ने अपने साहस, बहादुरी और देश के प्रति समर्पण से हर भारतीय का विश्वास जीता है। देश की सुरक्षा में उनका योगदान हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पोस्ट में कहा, “राष्ट्र की संप्रभुता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर, अदम्य साहस व निष्ठा के प्रतीक ‘राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड’ (एनएसजी) के सभी कमांडो को 42वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!देश को आपके पराक्रम और सर्वोच्च समर्पण पर गर्व है।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, “साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ मां भारती की सेवा में सदैव समर्पित रहने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के जवानों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति आपका समर्पण, अदम्य साहस और कर्तव्यपरायणता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।”
अतिरिक्त जन सूचना महानिदेशालय (एडीजी पीआई), भारतीय सेना ने एक्स पर लिखा, “भारतीय सेना के वर्तमान और 31वें चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सेना प्रमुख)और भारतीय सेना के सभी रैंक के कर्मियों की ओर से नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर एनएसजी के सभी कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट किया, “गति, आश्चर्य, गोपनीयता, सटीकता और अचूकता। तेज, निर्णायक कार्रवाई और अटूट संकल्प के साथ आतंकवाद का मुकाबला करते हुए एनएसजी अपने आदर्श वाक्य ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ पर खरा उतरता है! शांति और व्यवस्था की अग्रिम पंक्ति में डटे रहने वाले बहादुरों को सलाम।”
