लखनऊ, 7 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का सामना गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ हो रहा है। इस मुकाबले की मेजबानी भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम कर रहा है। बारिश से प्रभावित मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एलएसजी ने 19 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी की शुरुआत दमदार रही। मिचेल मार्श और अर्शिन कुलकर्णी की सलामी जोड़ी ने मिलकर पहले विकेट के लिए 56 गेंदों में 95 रन जोड़े। अर्शिन एक छोर संभालकर खड़े रहे, तो दूसरे छोर से मार्श ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। मैच के 9वें ओवर में तेज बारिश शुरू होने के कारण मुकाबला को रोकना पड़ा। मैच दोबारा शुरू हुआ, तो अर्शिन 24 गेंदों का सामना करने के बाद 17 रन बनाकर आउट हुए।
अर्शिन के बाद मार्श को निकोलस पूरन के रूप में एक और बढ़िया जोड़ीदार मिला। मार्श ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। 14वें ओवर का अंत होते ही फिर से बारिश ने मैच में खलल डाली और मुकाबला को रोकना पड़ा। बारिश के कारण समय बर्बाद होने की वजह से ओवरों में कटौती की गई और मुकाबले को 19-19 ओवर का कर दिया गया।
बारिश की वजह से दूसरी बार ब्रेक के बाद मार्श 56 गेंदों में 111 रन बनाकर जोश हेजलवुड का शिकार बने। अपनी शतकीय पारी में मार्श ने 9 चौके और 9 छक्के लगाए। पूरन ने 23 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाए। वहीं, अंत के ओवरों में कप्तान ऋषभ पंत ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 10 गेंदों में 32 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि एडेन मार्करम एक रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड और क्रुणाल पांड्या ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
रजत पाटीदार की अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस मुकाबले में जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रसिख सलाम दार और जोश हेजलवुड के साथ खेल रही है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ऋषभ पंत की कप्तानी में इस मुकाबले में मिचेल मार्श, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव के साथ मैदान पर उतरी है।

