Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय हंता वायरस चेतावनी: डब्‍ल्‍यूएचओ ने जताया केस बढ़ने का अंदेशा, 12 देशों...

हंता वायरस चेतावनी: डब्‍ल्‍यूएचओ ने जताया केस बढ़ने का अंदेशा, 12 देशों को क‍िया अलर्ट

0
30

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। दुनिया भर में बढ़ती चिंता के बीच, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्‍ल्‍यूएचओ) ने गुरुवार को पुष्टि की है कि क्रूज शिप पर फैले संक्रमण से जुड़े हंता वायरस के पांच मामले सामने आए हैं, जबकि तीन अन्य मामलों पर अभी भी शक बना हुआ है।

गंभीर सांस संबंधी बीमारी के कुल आठ मामले मिले हैं, जिनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से पांच मामलों में एंडीज वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।

डब्‍ल्‍यूएचओ ने अब उन 12 देशों को सूचित किया है, जिनके नागरिक यात्रा के दौरान पहले ही दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित सुदूर ब्रिटिश क्षेत्र सेंट हेलेना में क्रूज जहाज ‘एमवी होंडियस’ से उतर गए थे।

इन 12 देशों में कनाडा, डेनमार्क, जर्मनी, नीदरलैंड्स, न्यूजीलैंड, सेंट किट्स एंड नेविस, सिंगापुर, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, टर्की, यूनाइटेड किंगडम और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका शामिल हैं।

डब्‍ल्‍यूएचओ प्रमुख टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने जिनेवा में मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि अगर सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े कदम तेजी और सही तरीके से उठाए गए, तो फिलहाल एजेंसी को उम्मीद है कि यह संक्रमण ‘सीमित’ ही रहेगा।

हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि कई देशों में यात्रियों और उनके संपर्क में आए लोगों की जांच जारी है, इसलिए आगे और मामले सामने आ सकते हैं।

डब्‍ल्‍यूएचओ ने बताया कि अर्जेंटीना की लैब्स से करीब 2,500 हंतावायरस टेस्ट किट पांच देशों को भेजी जा रही हैं।

‘एमवी होंडियस’ शि‍प के डच ऑपरेटर ओशनवाइड एक्सपेडिशन्स ने मीडिया को बताया कि जहाज पर कुल 149 लोग मौजूद हैं। इनमें 23 अलग-अलग देशों के लोग शामिल हैं।

इसी बीच ‘एमवी होंडियस’ श‍िप से अलग क‍िए गए दो संदिग्ध हंतावायरस मरीज स्पेन के कैनेरी द्वीप समूह में एक ग्राउंडेड एयर एंबुलेंस में ही रुके हुए हैं। तकनीकी खराबी आने के बाद अब वे दूसरे विमान का इंतजार कर रहे हैं।

स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, यह विमान केप वर्डे से रवाना हुआ था और उसे एम्स्टर्डम जाते समय मोरक्को के शहर माराकेश में ईंधन भरने के लिए रुकना था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोरक्को के अधिकारियों ने वहां उतरने की अनुमति नहीं दी।

स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बयान में कहा, “रिफ्यूलिंग के दौरान विमान के डॉक्टर ने मरीज के इलेक्ट्रिकल सपोर्ट सिस्टम में खराबी की जानकारी दी।”

इससे पहले स्पेन ने कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवीय भावना के तहत हंता वायरस से जुड़े जहाज एमवी होंडियस को कैनरी आइलैंड्स में आने की अनुमति देगा।

यूरोपियन सेंटर फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल (ईसीडीसी) फिलहाल जहाज की स्थिति का विस्तृत आकलन कर रहा है, ताकि यह तय किया जा सके कि किन लोगों को केप वर्डे में तुरंत निकाला जाना जरूरी है। बाकी यात्री और क्रू सदस्य अगले तीन से चार दिनों में कैनरी आइलैंड्स पहुंचेंगे।