पटना, 8 मई (आईएएनएस)। बिहार में नई कैबिनेट के गठन और विभागों के बंटवारे के बाद एनडीए नेताओं ने नई सरकार की प्राथमिकताओं और जिम्मेदारियों को लेकर अपनी बात रखी। मंत्रियों का कहना है कि सरकार का मुख्य लक्ष्य जनता तक सुविधाएं पहुंचाना और बिहार के विकास को गति देना है।
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से कहा कि एनडीए एक मजबूत और एकजुट गठबंधन है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में सभी लोग जनता के कल्याण के लिए काम करते हैं। दिलीप जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार की टीम का विस्तार किया गया है और उन्हें राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि वह आज अपने नए पद का कार्यभार संभालने जा रहे हैं। विभाग संभालने के बाद सरकार की कोशिश होगी कि बिहार के हर व्यक्ति को सरकारी सुविधाएं घर तक मिलें और लोगों को न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
वहीं राज्यसभा सांसद और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने नई कैबिनेट को संतुलित बताते हुए कहा कि इसमें महिलाओं, युवाओं और अनुभवी नेताओं को उचित जगह दी गई है। उन्होंने कहा कि मतदान की प्रक्रिया कल पूरी हुई और उसी शाम कैबिनेट का गठन भी कर दिया गया। अब आज से पूरी सरकार 2025 में मिले जनादेश के आधार पर बिहार के विकास के लिए पूरी क्षमता के साथ काम शुरू करेगी।
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी कैबिनेट गठन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और एनडीए के घटक दलों के बीच विभागों का बंटवारा शीर्ष नेतृत्व के फैसले के आधार पर किया जाता है।
निशांत कुमार के मंत्री पद की शपथ लेने पर नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के अनुरोध पर वह सक्रिय राजनीति में आए। इसके बाद पार्टी ने उन्हें मंत्रिपरिषद में शामिल होने का निर्देश दिया और उसी आधार पर अब वह मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

