सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या एक सुनियोजित और साजिश के तहत की गई : शहजाद पूनावाला

0
6

नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हिंसा को लेकर भाजपा ने एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या एक सुनियोजित और साजिश के तहत की गई कॉन्ट्रैक्ट किलिंग है।

शहजाद पूनावाला ने आईएएनएस से कहा कि यह घटना पश्चिम बंगाल में टीएमसी के जंगलराज, राजनीतिक नफरत, राजनीतिक प्रतिशोध और राजनीतिक हिंसा का सीधा परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ सुवेंदु अधिकारी के पीए ही नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय को भी गोली मारी गई। इसके अलावा पार्टी के दो-तीन अन्य कार्यकर्ताओं की भी हत्या की गई है।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों में 300 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या टीएमसी से जुड़े लोगों द्वारा की गई है। शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने राजनीतिक हिंसा को संस्थागत रूप दे दिया है।

भाजपा प्रवक्ता ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के एक बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि ‘तुम्हारा बाप भी दिल्ली से बचाने नहीं आएगा’ और मौजूदा घटनाएं उसी बयान का सीधा परिणाम हैं।

शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद इस हिंसा के पीछे शामिल सभी लोगों की पहचान की जाएगी और उन्हें कानून के हिसाब से जवाब देने के लिए मजबूर किया जाएगा।

वहीं, जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को जनता के जनादेश को स्वीकार करना चाहिए।

नीरज कुमार ने कहा कि चुनाव परिणाम का विश्लेषण करना उनका अधिकार है लेकिन संवैधानिक व्यवस्था के तहत जब कोई सरकार विधानसभा का विश्वास खो देती है, तो वह जनता का विश्वास भी खो देती है। उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप अपनी जगह हैं, लेकिन संविधान को चुनौती देना और जिद पर अड़े रहना गलत परंपरा स्थापित करता है।