पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की दबिश, चंडीगढ़ समेत कई शहरों में एक साथ छापेमारी

0
6

चंडीगढ़, 9 मई (आईएएनएस)। पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। सेक्टर-2 स्थित आवास पर सुबह करीब 7 बजे ईडी की टीम पहुंची।

जानकारी के अनुसार ईडी के अधिकारी लगभग 20 गाड़ियों में मंत्री संजीव अरोड़ा के यहां मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआईए और स्पेशल फोर्स के करीब तीन दर्जन जवानों को भी तैनात किया गया। सुबह 7:25 बजे से सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ, जो कई घंटों तक जारी रहा।

जानकारी के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग, एईएमए उल्लंघन, जमीन से जुड़े मामलों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की जा रही है। एजेंसी ने केवल चंडीगढ़ ही नहीं बल्कि लुधियाना, जालंधर और गुरुग्राम समेत कई शहरों में भी छापेमारी की। जांच के दायरे में संजीव अरोड़ा के परिवार और उनकी कंपनी से जुड़े कुछ कार्यालय भी शामिल बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के समय संजीव अरोड़ा देश में मौजूद नहीं थे। वे आधिकारिक दौरे पर नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम गए हुए हैं, जहां ‘इनवेस्ट पंजाब’ कार्यक्रम के तहत उद्योगपतियों से मुलाकात कर राज्य में निवेश आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं।

ईडी की कार्रवाई को लेकर पंजाब की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, “आज फिर से भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में ये तीसरी बार उनके घर भाजपा की ईडी आई है और पिछले एक महीने में दूसरी बार, फिर भी कुछ नहीं मिला है इनको। मैं मोदी को बताना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है, औरंगजेब भी हमें नहीं झुका सका था। ये भगत सिंह की धरती है जो अंग्रेजों के सामने कभी नहीं झुके, तो मोदी के इन हथकंडों के सामने पंजाब कभी नहीं झुकेगा। ईडी-भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा।”

वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने भी केंद्र सरकार पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भाजपा का “सुपारी किलर” ईडी आज फिर पंजाब पहुंच गया है। पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर छापेमारी शुरू हो गई है। दो-तीन दिन तमाशा चलेगा, फ़र्ज़ी ख़बरे चलेंगी, सुपारी किलर वापस चले जायेंगे। फिर मालिक के द्वारा उनको नया टास्क दिया जायेगा। पंजाब की भगवंत मान सरकार को बदनाम करने के लिए, पंजाब की जनता का काम रोकने के लिए और कितने हथकंडे अपनाओगे, मोदी जी?”

पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि भाजपा के लोगों ने एक बार फिर से पंजाब में ईडी को भेजा है, इसमें कोई नई बात नहीं है, जहां भी चुनाव होता है, वहां भाजपा के लोग 6-7 महीने पहले से ही इस तरह का काम करने लगते हैं, जिससे वो लोगों को परेशान कर सकें। हमारे नेताओं को धमकाया जा रहा है, लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं है। हम लोग संविधान में विश्वास रहते है, ये लोग एसआईआर के जरिए भी लोगों का नाम काटकर वोट लूटने की कोशिश कर रहे हैं।