जयपुर, 9 मई (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस (जीटी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में रनों के अंतर से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज है। इस टीम ने शनिवार को आईपीएल 2026 के 52वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 77 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
गुजरात टाइटंस ने साल 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालीफायर मैच में 62 रन से जीत दर्ज की थी। साल 2022 में जीटी ने इतने ही अंतर से लखनऊ सुपर जायंट्स को शिकस्त दी थी। साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 58 रन से जीत दर्ज करने से पहले यह टीम साल 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स को 56 रन से शिकस्त दे चुकी थी।
यह रनों के अंतर से आईपीएल इतिहास में राजस्थान रॉयल्स की चौथी सबसे बड़ी हार भी है। आरआर साल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 112 रन से मैच गंवा चुकी है, जबकि साल 2025 में इस टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 100 रन से हार का सामना किया था। साल 2021 में गुजरात टाइटंस की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध 86 रन से मैच हार चुकी है।
राजस्थान रॉयल्स ने साल 2025 के बाद से जयपुर में अपने 8 में से 7 मैच गंवाए हैं। वहीं, गुजरात टाइटंस अब तक राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 10 में से 7 मैच जीत चुकी है, जिसमें जयपुर में खेले गए 4 मुकाबलों में 3 जीत शामिल हैं।
सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने साईं सुदर्शन (55) और कप्तान शुभमन गिल (84) की शानदार पारियों के साथ निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 229 रन बनाए। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स 16.3 ओवरों में महज 152 रन पर सिमट गई। इस पारी में रवींद्र जडेजा ने सर्वाधिक 38 रन बनाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 36 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। टाइटंस की तरफ से राशिद खान ने 33 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए।
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। इस टीम ने 11 में से 7 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि हार के बाद राजस्थान रॉयल्स पांचवें पायदान पर खिसक गई है। रॉयल्स ने 11 में से 5 मैच गंवा दिए हैं।

