Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल हॉकी वर्ल्ड कप: ‘पूल-ई’ में नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत की 1-3 से...

हॉकी वर्ल्ड कप: ‘पूल-ई’ में नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत की 1-3 से हार

0
7

एम्सटेलवीन (नीदरलैंड), 22 अगस्त (आईएएनएस)। एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के ‘स्टेज 2’ के अपने पहले ‘पूल-ई’ मैच में भारतीय टीम को सह-मेजबान नीदरलैंड्स के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी बहुत कम हो गई हैं।

मैच का पहला गोल तीसरे क्वार्टर में आया जब नीदरलैंड के ड्यूको टेल्गेनकैंप ने 41वें मिनट में शानदार फील्ड गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 42वें मिनट में भारत के शिलानंद लाकड़ा को ग्रीन कार्ड मिला।

आखिरी क्वार्टर में गोल की झड़ी लग गई। 51वें मिनट में जेप होडेमेकर्स ने नीदरलैंड के लिए दूसरा गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया। हालांकि, इसके तुरंत बाद 52वें मिनट में भारतीय ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने शानदार गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया और भारत की वापसी की उम्मीदें जगा दीं। इसी मिनट में नीदरलैंड के कोएन बिजेन को ग्रीन कार्ड दिखाया गया। 55वें मिनट में नीदरलैंड के थिज्स वैन डैम ने एक और गोल दागकर भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और नीदरलैंड की 3-1 से जीत सुनिश्चित कर दी।

आखिरी सीटी बजने के साथ ही नीदरलैंड की 3-1 से जीत पक्की हो गई। इस जीत से सह-मेजबान टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई, जबकि भारत को अपनी उम्मीदें बनाए रखने के लिए अब अर्जेंटीना के खिलाफ जीत हासिल करने के साथ-साथ ‘पूल-ई’ के शेष मुकाबलों के नतीजों पर भी काफी हद तक निर्भर रहना होगा।

इस नतीजे के साथ नीदरलैंड्स छह अंकों के साथ पूल में सबसे ऊपर पहुंच गया है; उन्हें पहले स्टेज से मिले तीन अंकों में तीन और अंक मिले हैं, जबकि भारत का खाता अभी नहीं खुला है। भारत का अगला मैच अर्जेंटीना के खिलाफ है, जिसका भी अभी तक कोई अंक नहीं है।

तीन अंकों वाली इंग्लैंड की टीम शनिवार को बाद में अर्जेंटीना का सामना करेगी। अगर इंग्लैंड वह मैच जीत जाती है, तो भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की गणितीय संभावना खत्म हो जाएगी।