उत्तराखंड : पौड़ी गढ़वाल में दर्दनाक हादसा, शादी से लौट रही इको कार खाई में गिरी; महिला की मौत

0
4

देहरादून, 10 मई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। श्रीनगर गढ़वाल से आगे देहलचौड़ी रोड पर एक इको कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए लोग रुद्रप्रयाग जिले के रतूड़ा क्षेत्र के पास के निवासी थे। सभी लोग कोट ब्लॉक के भेंटा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी इको कार देहलचौड़ी रोड पर बेलकंडी गांव के पास अरकनी बैंड से करीब 800 मीटर आगे पहुंची, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। खाई में गिरी कार को देखकर वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला।

हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला की हालत ज्यादा नाजुक होने पर एक पुलिसकर्मी ने मानवता दिखाते हुए अपनी निजी गाड़ी से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं, अन्य घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।

इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।