जब तक हम ऑर्गेनिक खेती नहीं अपनाएंगे तब तक बीमारी बढ़ती रहेगी: फूलबासन बाई यादव

0
7

राजनंदगांव, 11 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई अपील को लेकर पद्मश्री फूलबासन बाई यादव ने आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने की जरुरत है।

ऑर्गेनिक खेती को लेकर पद्मश्री फूलबासन बाई यादव ने कहा कि 500 किसानों से इसकी शुरुआत हम लोगों ने की है। गोबर खाद और अन्य चीजों का उपयोग कर ऑर्गेनिक खेती की जा रही है। छोटे-छोटे बच्चों को कैंसर जैसी बीमारी हो रही है। उन्होंने कहा कि जब तक हम ऑर्गेनिक खेती नहीं अपनाएंगे तब तक तकलीफ और बीमारी बढ़ती रहेगी। केमिकल की वजह से हम शुद्ध पानी भी नहीं पी पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हर एक घर में लगभग दो लोग बीमार पड़े हैं। पहले लोग पढ़े-लिखे नहीं थे लेकिन आज हम पढ़े-लिखे हैं और अपने शरीर के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। पीएम मोदी की सोच काफी अच्छी है। मैं पीएम मोदी को धन्यवाद देती हूं।

उन्होंने कहा कि शरीर के लिए तेल तो वैसे ही बहुत हानिकारक है। तेल से बनी चीजें मैं बिल्कुल नहीं खाती हूं और सब्जी उबालकर खाती हूं। आज हम मैगी, पास्ता खा कर अपने शरीर का नुकसान कर रहे हैं। हम लोगों को अच्छी चीजें खानी चाहिए। शहर और गांव की स्थिति को सुधारने के लिए हम सब लोगों को साथ देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मैं मोदी जी को धन्यवाद करती हूं; यह हम लोगों के लिए बड़ी बात है। पहले हम एक बस से आते थे, प्रदूषण कम फैलता था। प्रदूषण इतना ज्यादा है कि सांस लेने में तकलीफ होती है; इतनी सारी गाड़ियां हो गई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षा रहेगी तो महिलाओं के साथ घटना होने का डर नहीं रहेगा।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत तब होगा जब स्वदेशी चीजों को अपनाया जाएगा। पहले छत्तीसगढ़ में चावल, दाल, हल्दी, धनिया खुद पैदा करते थे। तब हमारी सेहत भी बहुत अच्छी रहती थी। आज धान, साग-सब्जी में कितनी सारी दवाओं का प्रयोग हो रहा है। छोटी सी लौकी इंजेक्शन लगाकर बड़ी कर दी जा रही है। लोग कई तरह के केमिकल खा रहे हैं और बीमारी से जूझ रहे हैं। स्वदेशी अपनाने से पैसे की बचत होगी।

वहीं, पद्मश्री उषा बारले ने पीएम मोदी की अपील को लेकर कहा कि पीएम मोदी ने बहुत अच्छे तरीके से बताया है कि हम लोगों को सब्जी में कम तेल के इस्तेमाल से स्वास्थ्य के लिए अच्छा रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो चीजें जमीन से पैदा हो रही हैं उसको खाने से फायदा होगा। उन्होंने कहा कि हम जो भी चीजें घर में बना रहे हैं, खाने में उसका ही ज्यादा उपयोग करना है। उन्होंने कहा कि सभी लोग स्वदेशी सामानों का उपयोग करें। हम सभी को पेट्रोल-डीजल भी बचाना है।