Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘गेंदबाज सही लाइन-लेंथ पर बॉलिंग नहीं कर सके’, लगातार चौथी हार पर...

‘गेंदबाज सही लाइन-लेंथ पर बॉलिंग नहीं कर सके’, लगातार चौथी हार पर बोले कप्तान श्रेयस अय्यर

0
19

धर्मशाला, 12 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। लगातार चौथी हार से पीबीकेएस के कप्तान श्रेयस अय्यर काफी निराश नजर आए। उन्होंने कहा कि टीम के गेंदबाज सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करने में नाकाम रहे।

अय्यर ने कहा कि पंजाब किंग्स द्वारा बनाए गए 210 रन इस विकेट पर अच्छा स्कोर था। उन्होंने कहा, “बिल्कुल, मुझे लगता है कि इस विकेट पर हमने 30 रन ज्यादा ही बनाए थे, यह देखते हुए कि गेंद कैसे सीम कर रही थी और बाउंस भी असमतल था।” अय्यर ने कहा कि वह बीच के ओवरों में युजवेंद्र चहल से एक ओवर करवाने के बारे में सोच रहे थे, लेकिन पिच से मिल रही तेज गेंदबाजों को मदद के चलते उन्होंने ऐसा नहीं किया।

अय्यर ने कहा, “मेरे मन में बिल्कुल यह ख्याल था, लेकिन बॉल सीम कर रही थी और पिच से तेज गेंदबाजों को मदद कर रही थी। मुझे लगता है कि अगर हमने अपनी लाइन और लेंथ ठीक से रखी होती, तो हम विकेट ले सकते थे, लेकिन बदकिस्मती से, हम ऐसा नहीं कर पाए।”

पंजाब किंग्स ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 210 रन लगाए। टीम की ओर से प्रियांश आर्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर 36 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर नाबाद रहे। कूपर कोनोली ने 27 गेंदों में 38 रनों का योगदान दिया, जबकि सूर्यांश शेडगे 8 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे।

हालांकि, पीबीकेएस के गेंदबाज 211 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे। डीसी ने कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर की दमदार पारियों के बूते लक्ष्य को 19 ओवर में 7 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। अक्षर ने 30 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए, जबकि मिलर ने 28 गेंदों में 51 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। माधव तिवारी ने अंत के ओवरों में 8 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए, तो आकिब नबी डार ने 2 गेंदों में 10 रन बनाते हुए डीसी को इस सीजन की पांचवीं जीत दिलाई।