Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध संभल में 40 लाख के जमीन सौदे में धोखाधड़ी, 12 लोगों के...

संभल में 40 लाख के जमीन सौदे में धोखाधड़ी, 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

0
22

संभल, 13 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के संभल में जमीन विक्रय के नाम पर लाखों रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के आदेश के बाद थाना रायसत्ती पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने इस मामले में एएसपी कुलदीप सिंह और एसपी से कार्रवाई की मांग की थी।

पीड़ित की तहरीर के अनुसार, ग्राम तख्त गुसाईन स्थित गाटा संख्या 106 की करीब 0.1260 हेक्टेयर भूमि का सौदा 40 लाख रुपए में तय हुआ था। आरोप है कि इस जमीन का सौदा कराने में महफूज, तसलीम खां, चौधरी विलाल, फुरकान निवासी मियां सराय नई सराय रायसत्ती और शकील कुरैशी पुत्र खलील कुरैशी निवासी मोहल्ला नाला शामिल थे।

तहरीर में कहा गया है कि जमीन मालिक सलाहउद्दीन, रिजवान हुसैन और उसमान पुत्र अली हुसैन निवासी बगीची गली मियां सराय रायसत्ती के साथ-साथ मो. रिजवान, मो. अदनान, मो. इमरान और मो. रेहान निवासी पुरानी बांस मंडी से जमीन का सौदा तय हुआ था। आरोप है कि जमीन मालिकों की मांग पर अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस और नकद के माध्यम से करीब 18 लाख रुपए की रकम दी गई। इसके बावजूद न तो बैनामा किया गया और न ही रकम वापस की गई।

पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद सभी आरोपी एक राय होकर जमीन पर अवैध प्लाटिंग करने लगे। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि 2 मार्च 2026 को पीड़ित अपने साथियों के साथ आरोपियों के घर पहुंचा तो वहां भी उसे धमकाकर भगा दिया गया और कहा गया कि न पैसा मिलेगा और न जमीन, जो करना है कर लो।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके साथ सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी, छल और षड्यंत्र कर उसकी रकम हड़पने की कोशिश की गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।