कोलकाता, 14 मई (आईएएनएस)। वेस्ट बंगाल काउंसिल फॉर हायर हायर एजुकेशन (डब्ल्यूबीसीएचएसई) ने गुरुवार को कक्षा 12वीं (उच्च माध्यमिक) की बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए। इस वर्ष पश्चिम बंगाल इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में कुल 91.23 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं।
पश्चिम बंगाल 12वीं बोर्ड की परीक्षा में नरेंद्रपुर रामकृष्ण मिशन के अद्रितो पॉल ने 500 में से 496 अंक हासिल कर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, छात्राओं में, श्रीरामपुर रमेश चंद्र गर्ल्स हाई स्कूल की मेघा मजूमदार ने 500 में से 492 अंक हासिल कर टॉप किया। उन्होंने पूरे राज्य में पांचवीं रैंक हासिल की है।
बोर्ड में इस वर्ष टॉप 3 में कुल 9 छात्रों ने जगह बनाई है, उनमें अद्रितो पाल ने 99.2 प्रतिशत अंक के साथ पहली रैंक, दूसरी रैंक पर 99 प्रतिशत अंक के साथ जिष्णु कुंडू, रितोब्रता नाथ, और ऐतिह्या पच्छल ने जगह बनाई है। वहीं, तीसरे स्थान पर 5 छात्रों ने 98.8 प्रतिशत अंक के साथ अपने नाम अंकित किए हैं। उनमें देबाप्रिया मजी, तन्मय मंडल, सौम्या रॉय, सुभयान मंडल, और प्रीतम बल्लव के नाम शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 परिणाम जारी होने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने वीडियो कॉल के माध्यम से उच्च माध्यमिक परीक्षा में प्रथम और पांचवीं रैंक प्राप्त करने वाले छात्रों से बातचीत की। इसी के साथ उन्होंने दोनों छात्रों के साथ-साथ उनके माता-पिता को शुभकामनाएं दी।
इससे पहले सीएम सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर लिखा, “उच्च माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ने आज सफलता का रूप ले लिया है। जीवन के इस महत्वपूर्ण अध्याय में मिली सफलता आपको आगे और भी बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करे। मेरी कामना है कि आपका भविष्य उज्ज्वल हो, आप जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें और अपने परिवार, समाज और राज्य का नाम रोशन करें। आप सभी को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।”
बता दें कि पश्चिम बंगाल 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से 27 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं, जिनमें शामिल होने के लिए लगभग 7 लाख से अधिक छात्रों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था।

