फिल्म देखने के बाद खुलकर हंसीं आयुष्मान खुराना की मां, अभिनेता ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट

0
8

मुंबई, 15 मई (आईएएनएस)। अभिनेता आयुष्मान खुराना स्टारर फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। मुदस्सर अजीज द्वारा निर्देशित एक बेहतरीन कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म में रोमांस, गलतफहमियों और हंसी-मजाक का एक अनोखा मिश्रण दिखाया गया है।

शुक्रवार को अभिनेता आयुष्मान खुराना ने इंस्टाग्राम के जरिए बताया कि उनकी मां को यह फिल्म काफी पसंद आई है और फिल्म देखने के बाद काफी सालों बाद खुलकर हंसी हैं।

आयुष्मान ने मां के साथ तस्वीर पोस्ट की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “मां ने आशीर्वाद दे दिया। कहती हैं कि तेरी फिल्म बहुत अच्छी है। कह रही थीं अगर पापा होते तो उन्हें बहुत अच्छा लगता। फिल्म देखने के बाद वह बहुत समय बाद दिल खोलकर हंसी। ‘पति पत्नी और वो दो।'”

आयुष्मान की पोस्ट सभी को काफी पसंद आ रही है। उनके फैंस समेत करीबी दोस्त और परिवारवालों ने कमेंट सेक्शन पर जमकर प्रतिक्रिया दी। अभिनेता रवि दुबे, नकुल मेहता, नील नितिन मुकेश, अभिनेत्री शरवरी वाघ, भूमि पेडनेकर और आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप ने खुद कमेंट सेक्शन पर हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी।

यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों से इसे एक शानदार फैमिली एंटरटेनर के रूप में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में आयुष्मान खुराना की कॉमिक टाइमिंग और कलाकारों की बेहतरीन एक्टिंग देखने को मिलती है।

अजीज मुदस्सर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ में सारा अली खान और आयुष्मान खुराना के अलावा, रकुल और वामिका गब्बी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म प्रयागराज की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो गलतफहमियों और हास्य के साथ रोमांस पेश करती है।

फिल्म ‘पति पत्नि और वो दो’ का निर्माण भूषण कुमार, रेणु रवि चोपड़ा ने किया है। यह 2019 की हिट फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म है। इस फिल्म में कानपुर के इंजीनियर चिंटू त्यागी के विवाहेतर संबंध को मजेदार अंदाज में पर्दे पर दिखाया गया था।