मुंबई, 15 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में बचे हुए मैचों के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इंजर्ड बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद की जगह एक दूसरे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलदीप यादव को साइन किया है। वहीं, आरसीबी ने नुवान तुषारा की जगह रिचर्ड ग्लीसन को शामिल किया है।
आईपीएल की तरफ से शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया, “कुलदीप यादव 30 लाख रुपये में सीएसके में शामिल होंगे, जबकि रिचर्ड ग्लीसन 1.6 करोड़ रुपये में आरसीबी का हिस्सा बनेंगे।”
सीएसके में शामिल किए गए कुलदीप ने 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू किया था। वह आरआर के लिए साल 2023 में भी खेले थे। दो सीजन के दौरान खेले 3 मैचों में उन्होंने 2 विकेट लिए थे।
रिचर्ड ग्लीसन ने इंग्लैंड की तरफ से 6 टी20 मैचों में 9 विकेट लिए हैं। उन्होंने लीग के 2024 और 2025 संस्करण में सीएसके और मुंबई इंडियंस (एमआई) का प्रतिनिधित्व किया था। ग्लीसन ने सीएसके के लिए 2 और एमआई के लिए 1 मैच खेला है।
खलील अहमद आईपीएल 2026 में सीएसके की तेज गेंदबाजी का प्रमुख चेहरा थे। वह 5 मैच खेले जिसमें उन्हें 2 विकेट मिला था। इंजरी की वजह से उन्हें पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा। खलील के दाहिने क्वाड्रिसेप्स में चोट लग गई थी। ऑपरेशन के बाद वह स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
नुवाना तुषारा आरसीबी के लिए सीजन में एक भी मैच नहीं खेल पाए। तुषारा श्रीलंका क्रिकेट के जरूरी फिटनेस टेस्ट में फेल होने के बाद बाहर हो गए। जरूरी फिटनेस स्टैंडर्ड पूरे न कर पाने के कारण श्रीलंका क्रिकेट ने उन्हें एनओसी देने से मना कर दिया था।
आरसीबी 12 मैचों से 16 अंक लेकर अंकतालिका में पहले स्थान पर है, जबकि सीएसके 11 मैचों से 12 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है।

