Saturday, August 22, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल अमृतसर सूरमाज की कप्तानी मेरे लिए गर्व की बात: अभिषेक शर्मा

अमृतसर सूरमाज की कप्तानी मेरे लिए गर्व की बात: अभिषेक शर्मा

0
6

अमृतसर, 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय टी20 टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शेर ए पंजाब टी20 लीग में अमृतसर सूरमाज की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि अपने गृहनगर की टीम की कप्तानी करना बेहद खास है। मैं अमृतसर सूरमाज की कप्तानी करने और पंजाब की अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को आगे बढ़ाने को लेकर उत्साहित हूं।

अभिषेक शर्मा ने कहा, “इस टीम की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है और साथ ही एक भावनात्मक जिम्मेदारी भी है। पंजाब ने मेरे क्रिकेट सफर में मुझे सब कुछ दिया है। अब सिर्फ खिलाड़ी के रूप में नहीं, बल्कि अपने गृह राज्य की टी20 लीग में एक फ्रेंचाइजी की कप्तानी करना मेरे लिए गर्व का पल है।”

उन्होंने कहा, “मेरी व्यक्तिगत सोच हमेशा पहली गेंद से ही विपक्ष पर दबाव बनाने की रही है और मैं चाहता हूं कि यही मानसिकता पूरी प्लेइंग इलेवन में दिखाई दे। बल्लेबाजी, गेंदबाजी या फील्डिंग—किसी भी विभाग में हमें असफलता के डर के साथ नहीं खेलना चाहिए।”

अभिषेक इस लीग को पंजाब के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा अवसर भी मानते हैं, क्योंकि इससे उन्हें प्रतिस्पर्धी, टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले क्रिकेट और पेशेवर फ्रेंचाइजी माहौल का अनुभव मिलेगा।

उन्होंने कहा, “यह पंजाब क्रिकेट के लिए गेम-चेंजर है। राज्य के अलग-अलग जिलों में अपार युवा प्रतिभाएं है, जिसे राष्ट्रीय घरेलू टूर्नामेंटों में हमेशा तुरंत पहचान नहीं मिल पाती। एक टेलीविजन पर प्रसारित होने वाली प्रतिस्पर्धी लीग इस दूरी को खत्म करती है।”

अभिषेक युवा खिलाड़ियों को आत्मविश्वास, मैच की समझ और दबाव की परिस्थितियों में सही फैसले लेने का महत्व सिखाना चाहते हैं।

बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने कहा, “ट्रॉफी जीतना निश्चित रूप से खास होगा, लेकिन असली सफलता तब होगी जब हमारी टीम के तीन या चार युवा खिलाड़ी इतना आत्मविश्वास और पहचान हासिल करें कि उन्हें आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट और राज्य टीम में मौका मिले। अगर मैं अमृतसर की अगली पीढ़ी को प्रेरित करते हुए टीम के साथ जीत हासिल कर सकूं, तो वही मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार होगा।”