देशहित में पीएम मोदी की विदेश यात्रा, तेल-गैस की जरूरतों का समाधान निकलने की उम्मीद : प्रियंका चतुर्वेदी

0
2

मुंबई, 15 मई (आईएएनएस)। देशभर में पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) की प्रवक्ता और पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और पाकिस्तान नीति को लेकर तीखा हमला बोला। हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा को देशहित में बताया।

प्रियंका चतुर्वेदी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “उनका दौरा देश के फायदे के लिए है। प्रधानमंत्री यूरोपीय संघ, नॉर्डिक देशों और यूएई जा रहे हैं। यूएई हाल ही में ओपेक से बाहर आया है। उम्मीद है कि भारत और यूएई मिलकर तेल-गैस की जरूरतों का समाधान निकालेंगे। साथ ही व्यापार वार्ताओं से युवाओं को रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।”

उन्होंने केंद्र सरकार पर नाकामी का आरोप लगाते हुए कहा, “अगर ‘इंडिया’ गठबंधन की बजाय हम केंद्र सरकार की नाकामियों पर ज्यादा ध्यान देते तो आज जवाबदेही होती। देश में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। नौकरशाहों ने देश की मेहनत की कमाई को अपनी कॉलोनियों में स्विमिंग पूल और खेल सुविधाएं बनाने में लगा दिया है।”

उन्होंने महंगाई को लेकर सरकार को घेरा और कहा, “दूध के साथ-साथ सब्जी, फल और अनाज की कीमतें आसमान छू रही हैं। महाराष्ट्र के किसानों को प्याज की सही कीमत नहीं मिल पा रही है। जो किसान कड़ी मेहनत करते हैं, उन्हें लागत भी नहीं निकल रही, वहीं आम उपभोक्ता भी खाना खरीदने में दिक्कत का सामना कर रहा है। यह आर्थिक व्यवस्था की नाकामी को दिखाता है।”

आरएसएस नेता दत्तात्रेय होसबले के पाकिस्तान के साथ बातचीत वाले बयान पर प्रियंका चतुर्वेदी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “भारत के लोग पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह की बातचीत के मूड में नहीं हैं। जब सरकार खुद कहती है कि आतंकवाद के साथ कोई बातचीत नहीं होगी, तो फिर किस आधार पर बातचीत की बात हो रही है? पाकिस्तान ने स्वागत किया है, लेकिन भारत की जनता इसका समर्थन नहीं करती।”

उन्होंने कहा कि विपक्ष को केंद्र सरकार की नाकामियों, महंगाई, भ्रष्टाचार और विदेश नीति पर सवाल उठाने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता इन मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह ठहराएगी।