आईपीएल 2026: ईडन गार्डन्स में एलन-रघुवंशी का तूफान, केकेआर ने जीटी को दिया 248 रन का टारगेट

0
8

कोलकाता, 16 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शनिवार को ईडन गार्डन्स में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 60वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) को जीत के लिए 248 रन का टारगेट दिया है। केकेआर को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी का अहम योगदान रहा।

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर केकेआर को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन के बीच 4.3 ओवरों में 44 रन की साझेदारी हुई। रहाणे 14 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 14 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद फिन एलन ने अंगकृष रघुवंशी के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 95 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 139 के स्कोर तक पहुंचाया। एलन 35 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 10 छक्के और 4 चौके शामिल रहे।

यहां से अंगकृष ने कैमरून ग्रीन के साथ मोर्चा संभाला। रघुवंशी ने 33 गेंदों में अपना 7वां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया। अंगकृष ने कैमरून ग्रीन के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 108 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 247/2 के स्कोर तक पहुंचाया। अंगकृष ने 44 गेंदों में 7 छक्कों और 4 चौकों के साथ 82 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि कैमरून ने 28 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ नाबाद 52 रन बनाए।

गुजरात टाइटंस की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 50 रन देकर 1 विकेट निकाला, जबकि साईं किशोर ने 38 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।

गुजरात टाइटंस इस मुकाबले को जीतकर प्लेऑफ का टिकट हासिल करना चाहेगी। इस टीम ने 12 में से 8 मैच अपने नाम किए हैं। 16 अंकों के साथ जीटी दूसरे पायदान पर मौजूद है। वहीं, केकेआर 11 मुकाबलों में 6 हार के साथ प्वाइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है।