हिमाचल निकाय चुनाव: सीएम सुक्खू बोले- ‘ये शहर के भविष्य को संवारने का अवसर’, नाहन में राजीव बिंदल ने डाला वोट

0
9

शिमला, 17 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगम समेत 51 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान जारी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यह निकाय चुनाव आपके अपने शहर, नगर और वार्ड के भविष्य को संवारने का बड़ा अवसर है। लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें।

हिमाचल प्रदेश में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। निकाय चुनावों में लगभग 3,60,859 पात्र मतदाता 1,147 उम्मीदवारों के चुनावी भविष्य का फैसला करने के लिए वोट कर रहे हैं। जिन चार नगर निगमों में आज वोट डाले जा रहे हैं, उनमें सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मेरे प्यारे हिमाचलवासियो, निकाय चुनाव आपके अपने शहर, नगर और वार्ड के भविष्य को संवारने का बड़ा अवसर है। मेरी आप सभी मतदाताओं से हार्दिक अपील है कि लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और घरों से निकल कर मतदान अवश्य करें।”

उन्होंने आगे लिखा, “आपका वोट आपके अपने शहर की मूलभूत सुविधाओं की दिशा तय करेगा। यह वोट स्थानीय स्तर पर विकास की रफ्तार को मजबूती देगा और जनसेवा व ईमानदार राजनीति को आगे बढ़ाएगा। मेरा आपसे विनम्र आग्रह है कि कांग्रेस प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद दें। सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले जनप्रतिनिधियों को चुनें, ताकि वे आपके वार्ड और नगर की आवाज बनें और विकास को घर-घर तक पहुंचाएं। आइए, मिलकर कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाएं और अपने शहर, नगर व वार्ड की मजबूत स्थानीय सरकार बनाएं।”

वहीं, हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने अपने परिवारजनों के साथ नाहन नगर परिषद चुनाव के लिए नाहन के वार्ड नंबर 5 में मतदान किया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नाहन में नगर परिषद के गठन के लिए आप सब भी अपने-अपने मत का प्रयोग करें।

राजीव बिंदल ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “नाहन में विकास का नया दौर लाने के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को अपना बहुमूल्य वोट प्रदान करने का भी आप सबसे आग्रह करता हूं। एक वर्ष के बाद हिमाचल में भाजपा सरकार का गठन होने जा रहा है और भाजपा ही नाहन में विकास और जनहित के लिए कार्य करेगी क्योंकि कांग्रेस सरकार ने तो साढ़े तीन साल में केवल तालाबंदी की है।”