पंजाब: पुलिस ने हैंड ग्रेनेड मामले में शामिल तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, जांच जारी

0
5

गुरदासपुर, 17 मई (आईएएनएस)। पंजाब की गुरदासपुर पुलिस ने हैंड ग्रेनेड मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ का सिलसिला जारी है और उनसे मामले के संदर्भ में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने इस कार्रवाई के बारे में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक, गुरदासपुर स्थिति गीता कॉलोनी के पास अप्रैल में एक हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस ने इस मामले में यूएपीए और विस्फोटक पदार्थों से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने उस जगह की पूरी पड़ताल की, जहां से यह हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ था। वहां पर क्या कुछ गतिविधियां हुई थीं, उसके बारे में भी पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाने की कोशिश की, ताकि किसी ठोस नतीजे पर पहुंचा जा सके। अंत में पुलिस हैंड ग्रेनेड प्रकरण में संलिप्त तीनों आरोपियों को पहचान कर सलाखों के पीछे भेज दिया।

इतना ही नहीं, पुलिस ने इन तीनों आरोपियों में से एक आरोपी के घर से एक हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया। इसके बाद से पुलिस को इस मामले में कई अन्य पहलू भी नजर आ रहे हैं, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शामिल सभी आरोपी विदेश में बैठे किसी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे। जैसे-जैसे वह हैंडलर आरोपियों को निर्देश दे रहा था, वैसे-वैसे यह सभी आरोपी काम कर रहे थे। पुलिस अब उस विदेशी हैंडलर के बारे में पूरी जानकारी जुटाने में जुट चुकी है, ताकि इस मामले से जुड़े अन्य परतें भी खुल सके।

साथ ही, पुलिस ने स्थानीय स्तर पर भी जांच का सिलसिला तेज कर दिया है, ताकि इससे जुड़े नेटवर्क के बारे में पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि हम सभी पंजाब की शांति व्यवस्था के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। हम इसमें किसी भी प्रकार का कमी नहीं आने देंगे।