हिमाचल प्रदेश: नगर परिषद चुनाव में 68.22 फीसदी मतदान, डलहौजी में सबसे ज्यादा वोटिंग

0
8

चंबा, 17 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगम सोलन, मंडी, पालमपुर और घर्मशाला समेत 51 नगर निकायों के लिए रविवार को वोटिंग हुई। इस बीच चंबा जिला में नगर परिषद चुनावों को लेकर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मतदान समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जिले की तीनों नगर निकायों में कुल 68.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जारी रिपोर्ट के मुताबिक, नगर परिषद चंबा, नगर परिषद डलहौजी और नगर पंचायत चुवाड़ी में कुल 20,584 मतदाताओं में से 14,042 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 7,121 पुरुष और 6,921 महिला मतदाता शामिल रहे।

नगर परिषद चंबा में कुल 14,855 मतदाताओं में से 9,888 लोगों ने मतदान किया, जहां मतदान प्रतिशत 66.56 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं महिला मतदान प्रतिशत 64.58 फीसदी रहा।

नगर परिषद डलहौजी में सबसे अधिक मतदान देखने को मिला। यहां कुल 3,150 मतदाताओं में से 2,436 मतदाताओं ने वोट डाले और कुल मतदान प्रतिशत 77.33 प्रतिशत दर्ज किया गया। महिला मतदान प्रतिशत 77.04 प्रतिशत रहा।

नगर पंचायत चुवाड़ी में कुल 2,579 मतदाताओं में से 1,718 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां कुल मतदान प्रतिशत 66.61 फीसदी दर्ज हुआ, जबकि महिला मतदान प्रतिशत 66.44 फीसदी रहा।

अतिरिक्त उपायुक्त चंबा द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और अब मतगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगमों के लिए रविवार को मतदान हुआ। सुबह के समय पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिली। जिन चार नगर निगमों में आज वोट डाले गए हैं, उनमें सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर शामिल हैं।

हिमाचल प्रदेश में चारों नगर निगमों के लिए वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई। इन चारों नगर निगमों के 439 पदों के लिए कुल 1,147 उम्मीदवार मैदान में हैं।

राज्य के भीतर चार नगर निगमों के अलावा, 25 नगर परिषदों (म्युनिसिपल काउंसिल्स) और 22 नगर पंचायतों के लिए भी चुनाव हो रहे हैं। नगर परिषदों और नगर पंचायतों के वोटों की गिनती मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू हो जाएगी। हालांकि, चार नगर निगमों (सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला) के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।