नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने दो अलग-अलग इलाकों में अंतरराज्यीय शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई दिल्ली के चिराग इलाके में की गई, तो दूसरी कार्रवाई फतेहपुर बेरी इलाके में की गई। इन दोनों कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस की ओर से दो टीमों का गठन किया गया।
सबसे पहले बात चिराग दिल्ली के इलाके में की गई कार्रवाई की करते हैं। यहां पर हेड कांस्टेबल संदीप कुमार को सूत्रों से यह जानकारी मिली थी कि दक्षिण दिल्ली के चिराग इलाके से अवैध शराब की खेप ग्रे रंग की गाड़ी से ले जाई जा रही है। बताया गया था कि यह कार चिराग दिल्ली के इलाके से गुजरेगी। इसके बाद पुलिस की टीम ने वहां पर रणनीतिक जाल बिछाया। पुलिस ने गाड़ी रुकने का इशारा दिया। लेकिन, गाड़ी नहीं रोकी गई। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गोलू (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने गाड़ी में से 35 कार्टन शराब की बोतलें बरामद कीं।
इंस्पेक्टर महेश दहिया के देखरेख में गठित टीम के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया था। इस टीम में प्रमुख रूप से हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, हेड कांस्टेबल कुलबीर, हेड कांस्टेबल हरकेश, हेड कांस्टेबल प्रवीण टोकस और कांस्टेबल लोकेश को शामिल किया गया था।
उधर, दूसरी कार्रवाई दिल्ली के फतेहपुरी बेरी इलाके में की गई, जहां पर मोटरसाइकिल से शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों के पास 15 कार्टन शराब बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान विकास और जतिन के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे इस मामले के संदर्भ में पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपी अन्य राज्यों से दिल्ला में अवैध शराब लेकर आते थे और अवैध तरीके से स्थानीय इलाकों में इसकी आपूर्ति किया करते थे।

