नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भरता को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद भाजपा नेता और मंत्री सक्रिय नजर आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सावित्री ठाकुर समेत कई नेताओं ने ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल और सोने की खरीद कम करने की जरूरत पर जोर देते हुए लोगों से पीएम मोदी की अपील का समर्थन करने की बात कही।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भरता के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया है। देश की जनता इसका गंभीरता से पालन कर रही है। हर वर्ग ऊर्जा बचत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज हमने अधिकारियों के साथ बैठक की। सभी अधिकारियों ने फैसला किया है कि खास परिस्थितियों को छोड़कर वे एक साल तक सोना नहीं खरीदेंगे। इसके साथ ही हमने संकल्प लिया कि प्राकृतिक खेती और खाद का संतुलित उपयोग करेंगे। खेत बचाओ अभियान भी चलाने का फैसला किया है। इसके तहत हमारे वैज्ञानिक गांव-गांव जाएंगे और मिट्टी के अनुसार, जरूरत के अनुसार ही खाद उपयोग करने पर जोर दिया जाएगा। इसका मकसद अनावश्यक खाद को खेत में डालने से रोकना है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद हम सभी ऊर्जा बचत कर रहे हैं। मैं खुद ईवी गाड़ी का इस्तेमाल कर रहा हूं।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी पेट्रोल-डीजल मिल रहा है, लेकिन विपक्ष अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहा है। पड़ोसी देशों में दोगुने और तीन गुने दाम पर तेल मिल रहा है। हमारे देश में अभी तक कोई कमी नहीं हुई है, क्योंकि प्रधानमंत्री के साथ देश खड़ा है।
उन्होंने कहा कि ईंधन बचाना और सोना कम खरीदना देश की प्रगति के लिए बहुत जरूरी है। कम खरीदें और जरूरत पड़ने पर ही खरीदें, क्योंकि भारत में सोना कम उत्पादित होता है, बाकी बाहर से आता है। जो सोना आता है, वह विदेशी मुद्रा में आता है और अगर ये मुद्रा खत्म हो गई तो डॉलर की अपेक्षा रुपया गिर जाएगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि मैं खुद ई-रिक्शा से चल रही हूं। प्रधानमंत्री ने अपील की है तो हम समर्थन कर रहे हैं। इससे जनता को भी संदेश जा रहा है कि हम भी जनता के साथ खड़े हैं। मैं सभी से अपील करती हूं कि पीएम मोदी की अपील का समर्थन करें। हमने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या भी कम कर दी है।
दिल्ली सरकार में मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के समर्थन में हम लोग ऊर्जा बचत कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इस संकट से देश को बाहर निकाल लेंगे। जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाएगा। दिल्ली की जनता को सार्वजनिक परिवहन की तरफ आकर्षित करना और पूरी दिल्ली में परिवहन की कनेक्टिविटी देने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मैं पहले बस से आया हूं और आज मेट्रो में सफर करके आ रहा हूं। लोगों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। उन लोगों के बीच रहकर मैं उनकी समस्याओं को सुनूंगा भी और उनका समाधान करने की कोशिश करूंगा।
राज्यसभा सदस्य राधा मोहन अग्रवाल ने कहा कि ऊर्जा बचत या कम सोना खरीदने की अपील पहली बार नहीं हुई है। जब-जब देश पर संकट आया है, तब-तब देश के प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री ने देशवासियों से अपील की है। देश को जनता चलाती है और वही देश की दिशा तय करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समय से पहले ही लोगों से अपील की है।

