रामगढ़,19 मई (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र के तालाताड़ भुइयां टोला निवासी और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के कर्मी कमल किशोर महतो का शव मंगलवार की सुबह उनके घर के पास स्थित एक पहाड़ी पर पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया।
मृतक कमल किशोर रक्षा विभाग के इस प्रतिष्ठित संस्थान में कार्यरत थे और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में थी। वे बीते 19 अप्रैल को ही अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव आए हुए थे।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कमल किशोर पिछले कुछ दिनों से गंभीर मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से गुजर रहे थे। वे अक्सर परिवार के सदस्यों से नींद न आने की गंभीर शिकायत किया करते थे और इसी अवसाद के कारण काफी परेशान चल रहे थे।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार की रात करीब 11 बजे उन्हें गांव में अकेले टहलते हुए भी देखा गया था। देर रात करीब 2 बजे जब परिजनों की अचानक नींद खुली, तो कमल किशोर को अपने बिस्तर पर न पाकर वे चौंक गए। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिवारवालों ने रात में ही उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन घना अंधेरा होने के कारण उनका कुछ पता नहीं चल सका।
मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण और परिजन दोबारा तलाश में निकले, तो घर के समीप पहाड़ी पर एक पेड़ के सहारे उनका शव फंदे से लटका मिला। कमल किशोर, मृतक अपने पीछे पत्नी और छह एवं चार वर्ष के मासूम बेटों को छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे भुइयां टोला में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

