ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन पहुंचे अभिनेता जैकी श्रॉफ, स्वामी चिदानंद सरस्वती के पैर छूकर लिया आशीर्वाद

0
7

मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। अभिनेता जैकी श्रॉफ हाल ही में ऋषिकेश के प्रसिद्ध परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आश्रम के प्रमुख और आध्यात्मिक गुरु स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज से मुलाकात की और उनके साथ कुछ यादगार पल बिताए।

अभिनेता ने इस मुलाकात से जुड़ा एक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जिसमें स्वामी चिदानंद सरस्वती बेहद स्नेह के साथ अभिनेता के माथे पर तिलक लगाते नजर आ रहे हैं। इसके तुरंत बाद जैकी ने भी सादगी के साथ झुककर उनके पैर छुए और आशीर्वाद लिया।

वीडियो के आखिर में दोनों बातचीत करते हैं और फिर एक-दूसरे को गले लगाते हैं। अभिनेता ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “पूज्य स्वामीजी के साथ कुछ यादगार पल।”

बता दें कि स्वामी चिदानंद सरस्वती भारत के सबसे प्रतिष्ठित आध्यात्मिक गुरुओं में से एक हैं। वह ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम के आध्यात्मिक प्रमुख हैं। इसके अलावा, वह पिट्सबर्ग स्थित हिंदू जैन मंदिर के संस्थापक और आध्यात्मिक प्रमुख भी हैं।

69 वर्षीय यह अभिनेता चार दशकों से अधिक समय से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रहे हैं और उन्होंने 250 से अधिक फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाया है। साल 1983 में रिलीज हुई फिल्म ‘हीरो’ से जैकी श्रॉफ ने बॉलीवुड में मुख्य अभिनेता के तौर पर कदम रखा था।

अभिनेता जैकी श्रॉफ जल्द ही कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में सितारों की बड़ी फौज है, जिसमें अक्षय कुमार, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, परेश रावल, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडिस, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, मीका सिंह, मुकेश तिवारी, जाकिर हुसैन, यशपाल शर्मा, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, तुषार कपूर और सयाजी शिंदे जैसे कलाकार शामिल हैं।

अहमद खान द्वारा निर्देशित और फिरोज ए. नाडियाडवाला द्वारा निर्मित यह फिल्म लोकप्रिय ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है। यह फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।