आजमगढ़ में बाइक सवार युवकों पर बदमाशों ने की फायरिंग, एक की मौत, दूसरा घायल

0
5

आजमगढ़, 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में गुरुवार को दो बाइक सवार युवकों को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह पूरी घटना आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव की है। जहां दो युवक अपने दुपहिया वाहन से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे रानीपुर गांव के समीप पहुंचे, पहले से बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोली की आवाज सुनते ही आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे घायल युवक का उपचार जारी है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और भारी तनाव का माहौल है।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के घायल युवक के बयान के आधार पर मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार हमले में गंभीर रूप से घायल कोढ़वा गांव (थाना जहानागंज) निवासी सुशील की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल युवक पिंटू यादव का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, पिंटू को गोली छूकर निकली है, जिससे उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए टीम का गठन किया जा रहा है, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटनास्थल का मैंने खुद निरीक्षण किया और सभी साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की टीम अस्पताल जाकर घायल पिंटू यादव से घटना के संबंध में पूरी जानकारी ले रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभी तक हमले का सही कारण पता नहीं चल पाया है। पिंटू के बयान के आधार पर बदमाशों के कुछ साक्ष्य मिले है।