पटना, 21 मई (आईएएनएस)। बिहार सरकार अभी से ही श्रावणी मेले की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक भी जुड़े रहे।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक श्रावणी मेला की तैयारी अच्छे ढंग से करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पैदल पथ व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने, शौचालय, साफ-सफाई और पेयजल की बेहतर सुविधा रखने, कांवड़िया पथ पर बने प्रमुख विश्राम स्थलों के पास स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने, कांवड़िया स्थलों पर चिकित्सा की एमरजेंसी सुविधा भी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। राज्य के शिवालयों में जल चढ़ाने के दौरान भीड़ को नियंत्रित और व्यवस्थित रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था का संधारण, पेयजल, शौचालय, स्नानागार, साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा व्यवस्था, टेंट, पंडाल, जलापूर्ति, सीसीटीवी, अग्निशमन आदि व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री निशांत भी उपस्थित रहे।
बैठक में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

