एयर इंडिया फ्लाइट के इंजन में आग, दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग

0
1

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई2802 में लैंडिंग के दौरान इंजन से जुड़ी तकनीकी चेतावनी मिलने का मामला सामने आया है। एयरलाइन ने पुष्टि की है कि लैंडिंग के वक्त कॉकपिट क्रू को एक इंजन में फायर इंडिकेशन मिला।

एयर इंडिया के अनुसार, क्रू ने मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कराया। इस घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी सुरक्षित हैं।

एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, ”हम 21 मई को बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट एआई2802 से जुड़ी घटना से अवगत हैं। लैंडिंग के दौरान कॉकपिट क्रू को इंजन में फायर इंडिकेशन मिला, जिसे बाद में सही पाया गया। सभी यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए विमान को सुरक्षित रूप से उतारा गया।

एयर इंडिया ने आगे कहा कि सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित रूप से विमान से उतर चुके हैं।

एयर इंडिया ने कहा कि वह इस घटना की विस्तृत जांच तुरंत शुरू कर रही है और संबंधित नियामक एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है। कंपनी ने कहा कि जैसे ही जांच में नए तथ्य सामने आएंगे, उन्हें साझा किया जाएगा।

एयरलाइन ने अपने बयान में दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर घटना को गंभीरता से लिया जाता है।

फिलहाल, विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और इंजन अलर्ट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इससे पहले एयर इंडिया की एक फ्लाइट को बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान टेल-स्ट्राइक (विमान के पिछले हिस्से का रनवे से टकराना) की घटना का सामना करना पड़ा। फ्लाइट एआई2651 में 179 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। एयर इंडिया के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से उतरा और सभी यात्री तथा चालक दल सामान्य रूप से विमान से उतर गए।

घटना के बाद संबंधित विमान को विस्तृत तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। एयर इंडिया ने कहा कि मामले की जांच स्थापित प्रक्रियाओं के तहत की जाएगी। इस वजह से बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी उड़ान एआई2652 को रद्द करना पड़ा। एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।