Friday, May 22, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध सिरसा में कर्मचारी ने ट्यूशन ले जाते समय बच्चे के अपहरण की...

सिरसा में कर्मचारी ने ट्यूशन ले जाते समय बच्चे के अपहरण की रची साजिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
4

सिरसा, 22 मई (आईएएनएस)। हरियाणा के सिरसा में एक 12 वर्षीय बच्चे का अपहरण कर 70 लाख रुपए की फिरौती मांगने की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

डीसीपी राजेश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि अपहरण की पूरी साजिश उसी युवक ने रची थी, जो रोज बच्चे को ट्यूशन छोड़ने बाइक पर ले जाता था। आरोपी ने खुद को भी बंधक बनाकर नाटक किया और परिवार व पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी राजेश कुमार की सुरतगढ़िया चौक पर किताबों की दुकान है। पिछले लगभग तीन वर्षों से चतरगढ़ पट्टी निवासी सौरभ उसी दुकान पर काम कर रहा था। सौरभ राजेश कुमार के 12 वर्षीय बेटे को प्रतिदिन बाइक पर ट्यूशन छोड़ने जाता था और परिवार का पूरा विश्वास जीत चुका था।

घटना बीते दिन शाम करीब 5 बजे की है। सौरभ बच्चे को ट्यूशन छोड़ने के लिए निकला था। सी ब्लॉक क्षेत्र में अचानक एक नैनो कार ने उनकी बाइक को रोक लिया। कार में सवार तीन नकाबपोश युवकों ने दोनों को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। उनकी आंखों पर कपड़ा बांध दिया गया और परिवार से व्हाट्सएप कॉल के जरिए 70 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई।

अपहरणकर्ताओं ने धमकी दी कि पैसे न दिए तो बच्चे की जान खतरे में पड़ सकती है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर खुलासा हुआ कि पूरी वारदात पूर्व नियोजित थी। सौरभ ने खुद को भी पीड़ित दिखाने का नाटक रचा। वह बेहोश होने का अभिनय कर रहा था।

जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने मुख्य आरोपी सौरभ को चतरगढ़ पट्टी से गिरफ्तार कर लिया। एसपी के निर्देश पर शहर थाना पुलिस ने अपहरण, जबरन वसूली और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।

पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फरार तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी सौरभ ने आर्थिक तंगी के चलते यह साजिश रची थी। वह लंबे समय से परिवार की दिनचर्या और बच्चे की ट्यूशन रूटीन का अध्ययन कर रहा था। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दी जाए। इस मामले में आगे की जांच जारी है।