नागपुर, 23 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नागपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा शनिवार को नेशनल फायर सर्विस कॉलेज (एनएफएससी), राजनगर में 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे, डाक, रक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित 315 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
रोजगार मेले को केंद्र सरकार की युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया।
असिस्टेंट लोको पायलट पद पर चयनित आकाश ने आईएएनएस को बताया कि उनका चयन सेंट्रल रेलवे के बिलासपुर जोन के नागपुर डिविजन में हुआ है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने की खुशी को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उनका पूरा परिवार प्रधानमंत्री मोदी और नितिन गडकरी का आभारी है। आकाश ने रोजगार मेले को युवाओं के लिए एक बेहतर प्लेटफॉर्म बताया।
वाराणसी के आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि उनका चयन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में जूनियर एग्जीक्यूटिव पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तक बेरोजगार रहने के बाद नौकरी मिलने से बेहद खुशी है और रोजगार मेले ने युवाओं के लिए नए अवसर खोले हैं। इस पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी को दिल से आभार।
एम्स नागपुर में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर पद पर चयनित महाराष्ट्र के वर्धा की महिमा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को एक अच्छा अवसर दिया है, जिससे उन्हें लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। नौकरी मिलने से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और नितिन गडकरी से नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके लिए गर्व की बात है।

