कोलकाता, 23 मई (आईएएनएस)। देशभर में शनिवार को 19वां राष्ट्रीय रोजगार मेला सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कोलकाता के सियालदह स्थित डॉ. बी.सी. रॉय ऑडिटोरियम में 188 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उपस्थित थे।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि बिना किसी भ्रष्टाचार व पक्षपात के भारत सरकार की ओर से 19वें रोजगार मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। ये कर्मयोगी आने वाले समय में अपना योगदान देंगे।
पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देवुस्कर ने कहा कि जिस तरह से रेलवे का नेटवर्क बढ़ रहा है, हमें कर्मचारियों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि रेलवे के अलग-अलग विभागों में नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। पूर्व रेलवे के विभिन्न विभागों में 188 लोगों को नियुक्ति पत्र दिया गया है।
कोलकाता के रहने वाले कौशिक सिंह ने चयनित होने पर कहा कि मेरी नियुक्ति रेलवे के इलेक्ट्रिकल डिपार्टमेंट में जूनियर इंजीनियर के तौर पर हुई है। यह मेरे लिए नई शुरुआत है। उन्होंने पूर्व रेलवे का भी आभार जताया है।
रेलवे में चयनित होने वाले तमाल पाल ने कहा कि मैं नवदीप का रहने वाला हूं। मुझे सियालदह मंडल में असिस्टेंट लोको पायलट के लिए चुना गया है। चयनित होने पर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।
रेलवे के एसएनटी विभाग में चयनित होने वाले अजय यादव ने कहा कि मैं रेलवे को धन्यवाद देना चाहता हूं। एएआई में जूनियर एग्जीक्यूटिव के तौर पर चयनित होने वाले राहुल भगत ने कहा कि रोजगार मेले में चयन होने से पता चलता है कि कौन किस विभाग में जा रहा है। मेरा व्यक्तिगत अनुभव भी काफी अच्छा रहा है।
वहीं, एएआई में जूनियर एग्जीक्यूटिव के तौर पर चयनित होने वाले खुशदिल यासीन ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से यह काफी अच्छी पहल है। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में नियुक्ति पत्र मिलने से युवाओं को भी काफी प्रेरणा मिल रही है।

