पुणे, 23 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में ठाणे जिले के डोंबिवली के खोणी और पलावा इलाके में ड्रग्स तस्करी की बढ़ती गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए नवी मुंबई और मानपाड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान नाइजीरिया के कुल 24 नागरिकों को हिरासत में लिया गया, जिनमें महिलाएं और नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं।
डोंबिवली के खोणी और पलावा इलाके में ड्रग्स तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों के बढ़ने की पृष्ठभूमि में पुलिस ने बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस अभियान में 150 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
इलाके में पुलिस छापेमारी के दौरान नाइजीरिया के 24 नागरिकों को हिरासत में लिया गया, इनमें 14 पुरुष, 6 महिलाएं और 4 नाबालिग बच्चे शामिल हैं। जांच के दौरान 8 नागरिकों के पास भारत में रहने के लिए जरूरी वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके अलावा हिरासत में लिए गए 9 नागरिकों के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस) एक्ट के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
मादक पदार्थ (ड्रग्स) से जुड़ा इसी प्रकार का एक और मामला शनिवार को नई दिल्ली से सामने आया, जहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाईलैंड के रहने वाले दो यात्री मादक पदार्थ के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे थे, जिसकी कीमत 48 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
कस्टम विभाग के अनुसार, नई दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक की फ्लाइट (एआई-2356) से शुक्रवार को आ रहे दो थाईलैंड के यात्रियों को सीमा शुल्क ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका। विशिष्ट प्रोफाइलिंग इनपुट और संदिग्ध यात्रा संकेतों के आधार पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने दोनों यात्रियों के सामान की जांच की।
जांच के दौरान हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) होने के संदेह वाले छह वैक्यूम सील्ड पैकेट बरामद हुए। लगभग 29 किलोग्राम वजन के चार पैकेट एक यात्री के सामान से बरामद किए गए, जबकि लगभग 19 किलोग्राम वजन के दो पैकेट दूसरे यात्री के सामान से बरामद किए गए।
इस मामले में बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ की कुल मात्रा लगभग 47.805 किलोग्राम थी। बरामद एनडीपीएस पदार्थ का बाजार मूल्य लगभग 48 करोड़ रुपए है। दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर हाल के दिनों में हुई सबसे बड़ी जब्ती में से यह एक है। मामले की आगे की जांच जारी है।

